लाइव टीवी

Times Now Navbharat Launch: ये चेहरे देंगे 'टाइम्स नाउ नवभारत' को उड़ान, मिलिए एंकर्स से

Updated Aug 02, 2021 | 17:23 IST

Times Now Navbharat Anchors : नाविका कुमार देश की उन गिनी-चुनी प्रतिष्ठित पत्रकारों में शुमार हैं जिन्होंने राजनीति एवं बिजनेस दोनों की रिपोर्टिंग में अपनी गहरी छाप छोड़ी है।

Loading ...

नई दिल्ली : 'अब बदलेगा भारत, बनेगा नवभारत' के जज्बे के साथ टाइम्स नेटवर्क के हिंदी न्यूज़ चैनल 'टाइम्स नाउ नवभारत' का आगाज हो गया है। हिंदी टेलीविजन न्यूज की दुनिया में 'टाइम्स नाउ नवभारत' सरोकारों एवं मुद्दों की पत्रकारिता करने जा रहा है। खबर की तह तक जाना, ग्राउंड रिपोर्टिंग, पैनापन, सटीकता, कंटेंट की गंभीरता, नया कलेवर और नया अंदाज इस चैनल की विशेष पहचान होगी। इस चैनल पर शोर नहीं बल्कि जनता की सोच एवं उसकी आवाज को जगह मिलेगी। 'टाइम्स नाउ नवभारत' समसामयिक मुद्दों और सरकारों को 360 डिग्री में कवर करेगा। इस चैनल में वरिष्ठ एवं अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश की उम्मीदों एवं सपनों को आकार देगी। एक नजर डालते हैं 'टाइम्स नाउ नवभारत' के प्रमुख चेहरों पर-

नाविका कुमार
नाविका कुमार देश की उन गिनी-चुनी प्रतिष्ठित पत्रकारों में शुमार हैं जिन्होंने राजनीति एवं बिजनेस दोनों की रिपोर्टिंग में अपनी गहरी छाप छोड़ी है। कुमार को अपनी खोजी पत्रकारिता से देश की राजनीति को झकझोरने एवं उसे प्रभावित करने वाली स्टोरीज ब्रेक करने का श्रेय जाता है। टेलीविजन न्यूज की दुनिया में एक दशक से ज्यादा का अनुभव रखने वाली नाविका टाइम्स नेटवर्क के अग्रणी अंग्रेजी न्यूज चैनल TIMES NOW की संपादकीय, प्रोग्रामिंग एवं प्रोडक्शन टीम में अहम भूमिका निभाती हैं। वह रात नौ बजे TIMES NOW के प्राइम टाइम शो 'The Newshour' को होस्ट करती हैं। वीकेंड में प्रसारित होने वाला नाविका कुमार का 'Frankly Speaking' शो उनकी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए काफी मशहूर है। इस शो में वह अलग-अलग क्षेत्र की बड़ी एवं नामचीन हस्तियों का इंटरव्यू लेती हैं। 

नाविका को भारतीय राजनीति एवं कारोबार की गहरी एवं व्यापक समझ के लिए जाना जाता है। उनकी यह कुशलता एवं प्रखरता उनके द्वारा ब्रेक की गईं रिपोर्टों एवं स्टोरीज में स्पष्ट रूप से झलकती है। इनके खुलासों ने देश की राजनीति में उथल-पुथल मचाई है। इनके 'ऑफिस ऑफ प्रॉफिट' खुलासे से सोनिया गांधी और कॉमनवेल्थ घोटाले में सुरेश कलमाड़ी को इस्तीफा देना पड़ा। कुमार की ओर से हुए बड़े खुलासों में 'अगस्टा चॉपर घोटाला' और 'एयरसेल मैक्सिस डील' भी शामिल हैं। 

TIMES NOW से नाविका साल 2005 में जुड़ी। उस समय इन्हें TIMES NOW के पॉलिटिक्स एंड इकॉनमी का एडिटर बनाया गया। यहीं से इनके टेलिविजन न्यूज करियर की शुरुआत हुई। अब तक के अपने पत्रकारिता पेशे में नाविका ने प्रिंट और टेलिविजन न्यूज के लिए कई इन्वेस्टिगेंटिंग रिपोर्टिंग की है। नाविका के इंटरव्यू का दायरा काफी बड़ा रहा है। इन्होंने राजनीति के बड़े दिग्गजों, सोशल एक्टिविस्टों और नामचीन अभिनेताओं का साक्षात्कार लिया है। TIMES NOW से जुड़ने के बाद वह आम बजट का विश्लेषण भी उसी जज्बे के साथ करती आई हैं जिस जज्बे के साथ वह चुनावी नतीजों को पेश करती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अनुकरणीय राजनीतिक रिपोर्टिंग के लिए इन्हें साल 2006 में प्रेम भाटिया मेमोरियल ट्रस्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया। 

पद्मजा जोशी
पद्मजा जोशी देश की उन गिनी-चुनी बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिनके पास राजनीति, समसामयिक मामलों, खेल एवं मनोरंजन क्षेत्र की रिपोर्टिंग करने का व्यापक अनुभव है। TIMES NOW की कंसल्टिंग एडिटर (पॉलिटिक्स) के रूप में पद्मजा चैनल के प्राइम टाइम शो 'The Newshour'को रात 10 बजे पेश करती हैं। इसके अलावा चैनल के लिए न्यूज एजेंडा तय करने में उनकी भूमिका अहम है। वह बेहतर तालमेल एवं करीबी सहयोग के साथ संपादकीय टीम के साथ काम करती हैं।    

टेलीविजन न्यूज में एक दशक से ज्यादा समय का अनुभव रखने वाली पद्मजा एक मझी हुई पत्रकार हैं। इन्होंने एक रिपोर्टर, प्रोड्यूसर, कमेंटेटर, प्राइमटाइम न्यूज एंकर एवं प्रेजेंटर के रूप में अपनी गहरी छाप छोड़ी है। राजनीति, करेंट अफेयर्स पर इनकी विशेष पकड़ मानी जाती है। इन्होंने ऐतिहासिक फैसलों, आम चुनाव, बजट जैसे राष्ट्रीय महत्व की कई बड़ी एवं महत्वपूर्ण घटनाओं पर रिपोर्टिंग की है।

मीनाक्षी कंडवाल
मीनाक्षी कंडवाल टीवी पत्रकारिता के सबसे चर्चित और विश्वसनीय चेहरों में से एक हैं। बीते 12 साल  में मीनाक्षी ने समसामयिक मुद्दों पर एकरिंग से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग के संवेदनशील अंदाज से दर्शकों के बीच अपनी विशेष पहचान बनाई है। 'टाइम्स नाउ नवभारत' में मीनाक्षी न्यूज एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। मीनाक्षी रात दस बजे 'टाइम्स नाउ नवभारत' पर 'ओपनियन इंडिया का' शो में दिन के बड़े मुद्दों पर देश की राय प्रस्तुत कर रही हैं। इससे पहले मीनाक्षी आजतक, स्टार न्यूज और इंडिया टीवी के लिए काम कर चुकी हैं। 

मीनाक्षी देश की पहली ऐसी एंकर हैं, जो साल 2010 में स्टार न्यूज का टैलेंट हंट जीतकर एंकरिंग की दुनिया में आईं। इसके अलावा 'आजतक' चैनल पर मीनाक्षी के चुनावी कवरेज, नोटबंदी के दौरान गांवों से रिपोर्टिंग, महाबलीपुरम में भारत-चीन द्विपक्षीय बातचीत, चमोली ग्लेशियर आपदा और महाकुंभ के सियासी समीकरणों पर प्रयागराज से की गई रिपोर्टिंग काफी चर्चित रही। मीनाक्षी देश की उन चुनिंदा पत्रकारों में से एक हैं, जिन्होंने पाकिस्तान से भारत-पाकिस्तान रिश्तों पर रिपोर्टिंग की है। पाकिस्तान से करतारपुर कवरेज के लिए मीनाक्षी ने बेस्ट इंटरनेशनल प्रोग्राम का ENBA पुरस्कार हासिल किया। 

एंकरिंग से अलग मीनाक्षी 'इंडिया टुडे' मैग्जीन में हिमालयी राज्य उत्तराखंड के लिए लेख लिखती रही हैं। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान मीनाक्षी द्वारा उत्तराखंड के गांवों के लिए की गई क्रॉउड फंडिंग और गांवों को भेजी गई मदद ने सामाजिक जीवन में दिए जा सकने वाले योगदान की नई परिभाषा गढ़ी है।

सुशांत सिन्हा
वरिष्ठ पत्रकार सुशांत सिन्हा अपने तीखे और मारक सवालों वाली पत्रकारिता की वजह से एक अलग पहचान रखते हैं। सत्य सामने लाने और रखने की बात हो तो सुशांत हर चुनौती पार करके भी पत्रकारिता का धर्म निभाते हैं। उनकी 20 साल से ज्यादा की पत्रकारिता कई प्रभाव छोड़ने वाली जमीनी रिपोर्टिंग, लोगों के मुद्दे उठाने, गहरी चुनावी कवरेज और उसके विश्लेषण से भरी पड़ी है। दुबई के लेबर कैम्पस में घुसकर वहां रह रहे भारतीय मजदूरों की दुर्दशा दिखाने वाली उनकी वर्ल्ड एक्सक्लूसिव रिपोर्ट को भी काफी सराहा गया। सुशांत की एंकरिंग का एक अलग अंदाज भी उन्हें आम लोगों के बेहद करीब पहुंचाता है। सुशांत सोशल मीडिया पर भी अपने विचारों से हलचल पैदा करने के लिए जाने जाते हैं। 

अंकित त्यागी

देश के सबसे बड़े न्यूज ब्रांड TIMES NETWORK के नवोदित न्यूज चैनल TIMES NOW नवभारत के प्राइम टाइम एंकर हैं। अंकित TIMES NOW नवभारत पर प्राइम टाइम शो 'लोगतंत्र' को शाम 6 बजे होस्ट कर रहे हैं।

'लोगतंत्र' शो का नाम ही खुद को परिभाषित कर रहा है। ये एक ऐसा न्यूज शो है जो जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच एक कड़ी का काम करेगा। अंकित त्यागी लोगतंत्र शो के जरिये लोगों के मुद्दे, लोकतंत्र को चलाने वाले नेता-मंत्रियों तक TIMES NOW नवभारत के माध्यम से पहुंचा रहे हैं। लोकतंत्र में सिर्फ खबर नहीं होती, सिर्फ लोगों की समस्या नहीं होती, समाधान होता है।

अंकित त्यागी ने पत्रकारिता के अपने 12 वर्षों के राजनीतिक और चुनावी कवरेज में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह किया है। ये अंकित के शब्द हैं, 'मैं एक News Hunter हूं,  जहां खबर वहां अंकित त्यागी'। खबर अंकित का जूनून है और रिपोर्ट करना उनकी आदत। खबरों की तथ्यात्मक सत्यता ही अंकित की सबसे बड़ी ताकत है। खबरों में शोर अंकित का स्वभाव नहीं है और नैतिकता ही उनका सबसे बड़ा विश्वास है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।