लाइव टीवी

जयपुर: शादी की राह में धोखे की कहानी, इंजीनियर से लुटेरी दुल्हन ने ठगे 10 लाख

Updated Aug 01, 2022 | 14:52 IST

Jaipur Honey Trap Case : पीड़ित का दावा आरोपी महिला ने उसे खुद लिव इन में रहने का ऑफर दिया। फिर शादी से इंकार करते हुए पीड़ित से 50 लाख रुपए की डिमांड की। शातिर महिला ने उसे रुपए नहीं देने की एवज में रेप केस में फंसाने व नौकरी से निकलवाने की धमकी दी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
जयपुर में इंजीनियर को शादी का झांसा दे कर ठगे 10 लाख
मुख्य बातें
  • लुटेरी दुल्हन ने शादी का झांसा देकर ठग लिए 10 लाख
  • दिल्ली की शातिर ठग महिला ने इंजीनियर से 50 लाख मांगे
  • रेप केस में फंसाने व नौकरी से निकलवाने की धमकी दी

Jaipur Honey Trap Case : जयपुर के दौसा में शादी के नाम पर धोखे का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में नियुक्त इंजीनियर से दिल्ली की एक लुटेरी दुल्हन ने शादी का झांसा देकर पहले तो 10 लाख रुपए ठग लिए। अब रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 50 लाख रुपए और मांगे हैं।  पीड़ित ने इसे लेकर कोतवाली थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस अधिकारी लालसिंह यादव ने बताया कि इंजीनियर की रिपोर्ट पर आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक ठगी का शिकार हुआ उड़ीसा का निवासी इंजीनियर हाइवे बनाने वाली कंस्ट्रक्शन में कार्यरत है। उसकी ड्यूटी वर्तमान में दौसा में है। पीड़ित की पत्नी सवा साल पहले चल बसी थी। इसके बाद उसे एक बेटे की देखभाल में परेशानी हो रही थी। इसलिए उसने एक मेट्रोमोनियल साइट पर शादी का प्रपॉजल डाला। इसके बाद उसके पास दिल्ली की आरोपी महिला सुजाता का शादी के लिए प्रस्ताव आया।  महिला ने बताया कि करीब 9 महीने पहले उसके पति की मौत हो गई व उसके 8 साल का एक बेटा है।

पहली मुलाकात से ही धोखे की कहानी शुरू हुई

शहर कोतवाल के मुताबिक आरोपी महिला ने पीड़ित राजेंद्र कुमार से फोन कॉल करने को कहा। इसके बाद राजेंद्र ने शादी करने की बात कही। जिस पर महिला ने पहले कॉलिंग के जरिए एक दूसरे को थोड़ा समय देने के लिए कहा। पुलिस ने बताया कि रविंद्र कुमार ने फोन कॉल पर कई बार सुजाता से शादी तय करने की बात कही, मगर वह पहले मिलने की जिद पर अड़ी थी। जिसके बाद राजेंद्र आरोपी महिला के नई दिल्ली स्थित घर पर गया। इसके बाद दोनों ने रू-ब-रू होकर बातचीत कर एक दूसरे को जीवन साथी के तौर पर पसंद भी कर लिया। इसके बाद लुटेरी महिला ने शादी करने के लिए थोड़ा वक्त मांगा। रिपोर्ट में आरोप है कि सुजाता ने रविंद्र से घर की मरम्मत के नाम पर रुपए मांगे। जिस पर पीड़ित ने चार बार 25 -25 हजार की रकम उसके खाते में ट्रांसफर की। 

दिखाए जीवन के हसीन ख्वाब

पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला ने रविंद्र के साथ पर्यटक स्थल पर जाने की बात कही। इसके बाद वह उसके घर गया। वहां से दोनों दो दिन के लिए हरिद्वार घूमने गए। इस बीच दोनों के आपसी सहमती से संबंध भी बने। पुलिस ने बताया कि पीड़ित ने नोएडा में जमीन खरीदने की बात कही। प्लाॅट बुक भी करवा दिया। इसके बाद आरोपी महिला ने दो लाख रुपए की जरूरत बताते हुए रकम खाते में डलवा ली। रविंद्र और महिला फिर से  मनाली, पुष्कर और शिमला घूमने गए। इस बीच रुपयों की जरूरत बताते हुए आरोपी महिला ने एक बार फिर साढ़े तीन लाख रुपए इंजीनियर से ले लिए।  

अनुकंपा नियुक्ति का बहाना बनाया

पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला ने पीड़ित को बताया कि उसके पति की मौत के बाद उसकी अनुकंपा नियुक्ति होने वाली है। इस वजह से वो शादी नहीं कर सकती। आरोपी महिला ने उसे लिव इन में रहने का ऑफर दिया। इसके बाद 21 जुलाई को महिला दौसा आई और शादी से इंकार करते हुए पीडि़त से 50 लाख रुपए  की डिमांड की। शातिर महिला ने उसे रुपए नहीं देने की एवज में रेप केस में फंसाने व नौकरी से निकलवाने की धमकी दी। इसके बाद दोनों के बीच कई बार झगड़े हुए। आरोप.प्रत्यारोप का दौर चला। पुलिस के मुताबिक 28 जुलाई को आरोपी महिला ने इंजीनियर के ऑफिस में जाकर सरेआम हंगामा किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला ने इंजीनियर से कुल 10 लाख रुपए की ठगी की है। मामले की जांच की जा रही है। 

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।