लाइव टीवी

Jaipur Saras Parlor News: जयपुर में सात साल बाद लौट रही रौनक, मंगलवार से सरस पार्लर में मिलेगा फास्ट फूड

Updated May 03, 2022 | 15:26 IST

Jaipur Saras Parlor News: जयपुर के जेएलएन मार्ग स्थि​त सरस पार्लर का संचालन अब कई व्यंजनों के साथ होगा। पिछले सात साल से यहां सरस डेयरी में बने प्रोडक्ट्स ही मिल रहे थे, लेकिन अब लोगों को यहां फास्ट फूड भी मिल सकेगा। बेहतर सुविधाओं के साथ मंगलवार की शाम से इसका संचालन होगा।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
जयपुर के सरस पार्लर में फिर से मिलेगा फास्ट फूड
मुख्य बातें
  • यातायात जाम और वीआईपी मूवमेंट के कारण बंद किया था फास्ट फूड
  • पार्किंग की नई व्यवस्था के साथ फिर से होगी शुरुआत
  • जयपुर के लोगों की पसंदीदा जगह है सरस पार्लर

Jaipur Saras Parlor News: करीब सात साल बाद राजधानी जयपुर के लोगों को एक बार फिर से सरस पार्लर में फास्ट फूड का स्वाद चखने को मिलेगा। इसे लोग सरकार की ओर से तोहफा मान रहे हैं। मंगलवार शाम से राजस्थान कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन की ओर से जेएलएन मार्ग पर सरस पार्लर का पहले की तरह संचालक शुरू किया जा रहा है। कुछ साल पहले तक जयपुर की मोस्ट हैपनिंग प्लेसेज में से एक सरस पार्लर पर तरह-तरह के व्यंजन उपलब्ध थे।

वीआईपी मूवमेंट और जाम की स्थिति को देखते हुए तत्कालीन भाजपा सरकार ने साल 2015 में यहां फास्ट फूड की बिक्री पर रोक लगा दी थी। जिसके बाद यहां सिर्फ सरस के मिल्क प्रोडक्ट्स जैसे दूध, दही, छाछ, घी, श्रीखंड और आईसक्रीम ही मिलते थे। ऐसे में लोगों का यहां आना बेहद कम हो गया था। अब मंगलवार से इस पार्लर का संचालन विभिन्न व्यंजनों के साथ शुरू किया जा रहा है। डेयरी फेडरेशन का कहना है कि अभी कुछ व्यंजन मैन्यू में जोड़े गए हैं, जिनकी संख्या बाद में और बढ़ा दी जाएगी।  


पहले से बेहतर होंगी सुविधाएं 

जेएलएन मार्ग स्थित यह सरस पार्लर कभी लोगों के लिए हॉट-स्पॉट हुआ करता था। यहां रोज हजारों लोग आते थे, लेकिन पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण जाम की समस्या यहां रहती थी। ऐसे में इस बार डेयरी फेडरेशन ने कोशिश की है कि लोगों को वाहन पार्किंग का स्पेस ज्यादा मिले। साथ ही बैठने की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है, जिससे लोगों को परेशानी न हो। पार्लर में साफ पेयजल और सफाई की पुख्ता व्यवस्था करने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं।  

सरस पार्लर के मैन्यू में जुड़े ये पकवान

इस सरस पार्लर को अब अपनी खोई हुई पहचान फिर से मिल रही है। पार्लर में आज शाम से  दूध-जलेबी, पनीर पकोड़ा, समोसा मिलेगा। इसके बाद डोसा-सांभर जैसे फास्ट फूड भी मैन्यू में जोड़े जाएंगे।

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।