लाइव टीवी

Jaipur Crime: जयपुर में नदी में कूदकर महिला ने दी जान, बचाने गया पति भी डूबा, दोनों की 8 महीने की है बच्ची

Updated Jun 26, 2022 | 12:47 IST

Suicide Case In Jaipur: जयपुर में सुसाइड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां परिवार में झगड़े के बाद पत्नी ने द्रव्यवती नदी में छलांग लगा दी और उसे बचाने के लिए पति भी कूद गया। दोनों की मौत हो गई। दोनों की आठ महीने की मासूम बच्ची भी है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
जयपुर में पति से झगड़े के बाद नदी में कूदी पत्नी (प्रतीकात्मक)
मुख्य बातें
  • परिवार में हुए झगड़े के कारण इंजीनियर महिला ने की खुदकुशी
  • पत्नी को बचाने के लिए द्रव्यवती नदी में कूदा था पति
  • दोनों अपने पीछे आठ माह की मासूम को छोड़ गए

Jaipur Crime News: राजधानी जयपुर में शनिवार शाम 4 बजे इंजीनियर महिला ने द्रव्यवती नदी में छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए कंपाउंडर पति भी पानी में कूद गया। दोनों की नदी में डूबने से मौत हो गई। लोगों ने दोनों को जब डूबता देखा तो शिप्रापथ पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लोगों की सहायता से दोनों के शवों को बाहर निकाला।

मिली जानकारी के अनुसार शिप्रापथ थाना पुलिस ने बताया कि परिवार में हुए झगड़े के कारण मधुबाला (28) घर से भागते हुए द्रव्यवती नदी की ओर जाने लगी। उसके पीछे उसका पति तरुण कुमार सिंह (32) भी भागता हुआ पहुंचा था। तरुण जब तक मधुबाला तक पहुंच पाता, तब तक पत्नी ने द्रव्यवती नदी में छलांग लगा दी थी। मधुबाला को बचाने के लिए तरुण कुमार सिंह भी पानी में कूद गया था। नदी में पानी अधिक होने और दलदल के कारण दोनों की मौके पर मौत हो गई।

कुछ दिन पहले आए थे दोनों गणपति नगर

जानकारी के लिए बता दें कि प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि तरुण कुमार सिंह पटना (बिहार) में कंपाउंडर के पद पर काम करता था। उसकी पत्नी मधुबाला बिजली विभाग में एईएन के पद पर तैनात थी। वर्तमान में उसकी तैनाती सूरतगढ़ (राजस्थान) में ही थी। तीन साल पूर्व दोनों की शादी हुई थी। दोनों की 8 माह की एक छोटी बच्ची है। वे कुछ दिन पहले ही मानसरोवर के गणपति नगर स्थित अपने घर पर आए हुए थे। यहां पर तरुण कुमार सिंह के माता-पिता रहते हैं। द्रव्यवती नदी उनके घर के सामने ही है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

प्राप्त जानकारी के अनुसार तरुण का परिवार मूलत: करौली का रहने वाला है, जो लंबे समय से जयपुर में रह रहा था। पत्नी मधुबाला राजस्थान के अलवर की रहने वाली है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की जांच चल रही है। आज उनका मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। इस हृदयविदारक घटना में मासूम आठ माह की बच्ची के सिर से माता-पिता का साया उठ गया।

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।