लाइव टीवी

Kanpur News: कानपुर में अब नगर निगम लिखेगा विकास की नई इबारत, 10 बड़े कार्यों से ऐसे चमकेगी शहर की फिज़ां

Updated Jul 10, 2022 | 21:56 IST

Kanpur News: कानपुर नगर निगम अपने खजाने में पड़े 56 करोड़ रुपए से शहर के विकास की तस्वीर बदलने जा रहा है। विकास का खाका खींचने को लेकर नगर निगम दस ऐसे कार्य करवाएगा जिसका फायदा यहां के वाशिंदों होगा। इसे लेकर मेयर ने जनरल बॉडी की मीटिंग आहूत की है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspFacebook
कानपुर में नगर निगम 56 करोड़ से बदलेगा शहर की तस्वीर (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • सरकार की ओर से नगर निगम के खजाने में आए 56 करोड़
  • शहर से एयर पोल्युशन समाप्त करने के लिए 40 करोड़ खर्च किए जाएंगे
  • अधिकारियों की ढिलाई के चलते विकास कार्यों में देरी हुई

Kanpur News: औद्योगिक नगरी कानपुर के विकास की तस्वीर बदलने में नगर निगम अब नई इबारत लिखेगा। सरकार की ओर से नगर निगम के खजाने में आए 56 करोड़ खर्च कर विकास के 10 कामों को तरजीह देगा। इसे लेकर अधिकारी अब नए करवाए जाने वाले कार्यों की फेहरिस्त बनाने में जुटे हैं। इधर, मेयर प्रमीला पांडे ने विकास कार्यों के प्रपोजल्स की समीक्षा कर उनकी मंजूरी को लेकर आगामी सप्ताह बैठक आहूत की है। बैठक में अनुमोदन के बाद निविदाओं की प्रक्रिया पूरी होगी। जिसमें दो सप्ताह लगने की संभावना जताई जा रही है। नगर निगम के अधिकारियों की मानें तो अगस्त माह से कार्य शुरू होने की आस है।

अधिकारियों के अनुसार, शहर से एयर पोल्युशन समाप्त करने के लिए सरकार की ओर से 15वें वित्त आयोग में 74 करोड़ की राशि भेजी गई थी। जिसके तहत शहर में सड़क की दोनों साइड में कच्ची जगहों से मिट्टी ना उड़े इसके लिए 40 करोड़ खर्च कर उन्हें पक्का किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि, शहर की सफाई व्यवस्था की सेहत सुधारने के लिए निगम ने सड़क साफ करने की मशीन सहित स्मॉग गन व अन्य इंस्ट्रूमेंट भी खरीदे हैं। निगम आयुक्त एसएस जीएन ने बताया कि, इस वर्ष मार्च में शहर के डेवलपमेंट को लेकर सरकार की ओर से 56 करोड़ की राशि और भेजी गई थी। जिसमें एयर पोल्युशन कंट्रोल पर राशि खर्च होनी थी। उन्होनें बताया कि, अधिकारियों की ढिलाई के चलते विकास कार्यों में देरी हुई है। 

फटकार के बाद चेते अधिकारी

विकास कार्यों को लेकर ढिलाई बरतने के मामले में नगर निगम आयुक्त ने अधिकारियों को फटकार लगाई। इसके बाद चेते अधिकारी अब प्रपोजल बनाने में जुटे हैं। इस मामले को लेकर नगर निगम के चीफ इंजीनियर एसके सिंह ने बताया कि, 56 करोड़ के विकास कार्य शहर में होने हैं। इनके प्रपोजल तैयार किए जा रहे हैं। आगामी सप्ताह में होने वाली बैठक में इनकी मंजूरी मिलने के बाद काम शुरू होंगे। वहीं मेयर ने बताया कि, बैठक में प्रपोजल्स की समीक्षा करेंगे। इसके बाद विकास के काम शुरू होंगे। 

ऐसे बदलेगी शहर की तस्वीर

निगम आयुक्त के मुताबिक, शहर के विकास की तस्वीर बदलने को लेकर अलग-अलग प्रपोजल्स बनाए गए हैं। जिनमें वार्डों के डवलपमेंट के लिए 12 करोड़ खर्च किए जाएंगे। वहीं सनिगवां से कोयला नगर रोड़ की सड़क की मरम्मत पर 1.10 करोड़, हैंडपंप लगाने में दो करोड़, साकेत नगर में फुटपाथ सुधार पर 1.17 करोड़, एलएलआर अस्पताल सड़क मरम्मत पर 1.10 करोड़ खर्च होंगे। उन्होंने बताया कि, शहर के कई हिस्सों में इंटर लॉकिंग सहित सड़कों को सुधारा जाएगा। 

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।