लाइव टीवी

Kanpur Crime: कानपुर में दो पक्षों में गाली-गलौज के बाद जमकर चले धारदार हथियार, पुलिस ने 19 लोगों को किया गिरफ्तार

Updated Jul 16, 2022 | 21:47 IST

Two Group Clash In Kanpur: कानपुर जिले के बिल्हौर कस्बे के पंतनगर मोहल्ले में छात्रों के दो गुटों में विवाद हो गया। यहां एक गुट ने दूसरे गुट के दो युवकों की पिटाई कर दी। मामले में पुलिस ने 19 लोगों को गिरफ्तार किया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
कानपुर में दो गुट भिड़े, गाली-गलौज के बाद जमकर हुई मारपीट
मुख्य बातें
  • कानपुर में छात्रों के दो गुटों में विवाद
  • एक गुट ने दूसरे गुट के दो युवकों को पीटा
  • पुलिस ने 19 लोगों को किया गिरफ्तार

Kanpur Crime News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में पुरानी रंजिश और वर्चस्व के चलते दो गुटों में विवाद हो गया। इस दौरान एक गुट ने दूसरे गुट के दो युवकों की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में दोनों युवक घायल हो गए। पुलिस ने मामले में 10 नामजद और 15 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही पुलिस ने मामले में 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। फरार लोगों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल पर भारी पुलिसबल तैनात किया गया है। घटना कानपुर के बिल्हौर कस्बे के पंतनगर मोहल्ले में हुई। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने की वजह से पुलिस अलर्ट पर है। जानकारी के अनुसार, पंतनगर मोहल्ला में रहने वाला मोहर सिंह का पुत्र प्रथम अपने साथी राहुल कुमार के साथ साइकिल से किसी काम से कहीं जा रहा था। 

बाइक सवारों ने दो युवकों पर धारदार हथियारों से हमला किया

इसी दौरान पूर्व सभासद टोनी और भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉक्टर रहमान के घर के सामने वाली गली में बाइक सवार लोगों ने प्रथम और राहुल को घेर लिया। बाइक सवार लोगों ने दोनों पर तलवार, चाकू और सरिया से हमला कर दिया। मारपीट और शोरशराबा होने पर आसपास के लोग घरों से निकले तो आरोपी फरार हो गए। प्रथम के पिता मोहर सिंह के अनुसार, राहुल की गर्दन पर गंभीर चोटें हैं, हाथ भी धारदार हथियार से काटने की कोशिश की गई है। प्रथम के सिर, छाती, हाथ और पैरों में सरिया के हमले के गहरे घाव हैं। सीएचसी के डॉक्टरों ने दोनों को हैलट अस्पताल के लिए रेफर किया है। 

पुलिस ने 19 लोगों को गिरफ्तार किया

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि राजीव नगर में रहने वाले काशिफ, काफिर, हाशिम, तमिल, दाऊद, दानिश, जाहिर, सोहेल आदि ने अपने 15 से अधिक साथियों के साथ दोनों पर हमला किया। इंस्पेक्टर बिल्हौर अरविंद कुमार के अनुसार, एक पक्ष की तहरीर पर दस नामजद और 15 से ज्यादा अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटनास्थल पर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। आईजी जोन ने बताया कि बिल्हौर में छात्रों के दो गुटों में विवाद हुआ था। पुलिस ने 19 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। 
 

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।