लाइव टीवी

बारिश के मौसम में मक्खियों को भगाने के लिए अपनाएं ये टिप्स, घर बना रहेगा साफ-सुथरा

Updated Jul 08, 2021 | 11:44 IST

Barish mein Makkhi Bhagane ka tarika: बारिश के मौसम में होने वाली मक्खियों से परेशान हो गए हैं, तो इन टिप्स को अपनाकर आप मक्खियों से छुटकारा पा सकते हैं।

Loading ...
Barish mein Makkhi Bhagane ka tarika
मुख्य बातें
  • कपूर की महक से भी मक्खियों से छुटकारा पा सकते हैं
  • व्हाइट वाइन मक्खियों को दूर भगाने में भी मदद कर सकती है
  • मक्खियों की सूंघने की क्षमता बहुत ज्यादा होती है

How To Remove Flies From Home In Rainy Season: बरसात का मौसम शुरु होते ही घर में कई तरह के कीड़े-मकोड़े और मक्खियां दिखने लगती हैं। आपके घर में चाहें कितनी भी साफ-सफाई क्यों न हो लेकिन घर में मक्खियां आ ही जाती हैं, जो घर में हर जगह उड़ती रहती हैं और खाने की चीजों पर भी बैठ जाती हैं। कई बार तो मक्खियां बाथरुम में घूमती हैं और फिर सीधा किचन में प्रवेश कर लेती हैं।

इससे किचन में रखा खाने का सामान दूषित हो जाता है। मक्खियां खाने की चीजों पर बैठकर बैक्टीरिया और जर्म्स छोड़ देती हैं।  बेशक मक्खियां खतरनाक नहीं होती लेकिन कई प्रकार के संक्रमण फैलाती हैं। इसलिए अगर बारिश के मौसम में आपके घर पर भी मक्खियां आने लगी हैं, तो आप उन्हें बिना नुकसान पहुचाएं इन टिप्स को अपनाकर भगा सकते हैं।

मिर्च का स्प्रे

यदि आपके घर में ज्यादा मक्खियां आती हैं, तो उनसे छुटकारा पाने के लिए आप मिर्च का इस्तेमाल कर सकते हैं। मिर्च की खुशबू मक्कियों को बिल्कुल पसंद नहीं है और ये मिर्च युक्त खाद्य पदार्थों से दूर भागती हैं। मिर्च के उपयोग से मक्खियों को भगाने के लिए आप 2-3 मिर्च लें और उन्हें मिक्सी में बारीक पीस लें। अब मिर्च पाउडर को किसी एयरटाइट कंटेनर में रखकर धूप में रख दें। फिर इसे तीन दिन बाद एक बोतल में छान कर भर लें और अपने घर में उस जगह स्प्रे करें जहां ज्यादा मक्खियां आती हैं।

तुलसी की पत्तियां

तुलसी की पत्तियों की खुशबू से मक्खियां दूर भागती हैं, इसलिए इसका इस्तेमाल करना आपके लिए कारगर हो सकता है। तुलसी के पत्तों से आप होममेड स्प्रे बना सकते हैं या मार्केट से तुलसी युक्त स्प्रे खरीद सकते हैं। स्प्रे बनाने के लिए आप 12-14 पत्तियों को गरम पानी में भिगोकर रख सकते हैं और कुछ देर बाद उसे मिक्स कर लें। जब इसका पेस्ट तैयार हो जाए, तो छानकर स्प्रे बोतल में रख लें। इसके इस्तेमाल से मक्खियां घर में नहीं रहेंगी।

जिंजर स्प्रे

जिंजर स्प्रे मक्खियों को भगाने में काफी मददगार होती है। यह भी मिर्च और तुलसी के पत्तों की तरह मक्खियों को भगाने में मददगार है। इसके लिए आप एक कटोरी में चार कप पानी लें और उसमें 2 चम्मच सोंठ या अदरक का पेस्ट बनाकर डालें। अब इस मिश्रण को अच्छी तरह मिक्स कर लें। इससे एसेंस अच्छी तरह पानी में घुल जाएगा। इसके बाद इस मिश्रण को अच्छे से छानकर एक स्प्रे बोतल में कर लें। मिश्रण के तैयार होने के बाद इस घर में उस जगह पर छिड़के जहां मक्खिया ज्यादा घूमती हैं।

एसेंशियल ऑयल

एसेंशियल ऑयल स्प्रे मक्खियों को घर से दूर भगाने में काफी मदद करता है। इस स्प्रे को बनाने के लिए आप तेज गंध वाले कुछ तेलों का इस्तेमाल करें जैसे कि लॉन्ग का तेल, अजवाइन का तेल, पिपरमेंट ऑयल, लेमनग्रास ऑयल और दालचीनी का तेल। इसे बनाने के लिए हर तेल की 10 बूंदे डालें। फिर इसमें दो कप पानी और दो कप सफेद सिरका मिलाएं। अब सभी सामग्री को एक साथ अच्छे से मिक्स कर लें। स्प्रे तैयार है अब आप इस स्प्रे का इस्तेमाल घर की उस जगह पर कर सकते हैं जहां मक्खियां ज्यादा हो।

एप्पल साइडर विनेगर और नीलगिरी का तेल

एप्पल साइडर विनेगर और नीलगिरी का तेल मक्खियों को भगाने के लिए काफी मददगार होता है। कीट विकर्षक मिश्रण को बनाने के लिए 1/4 कप एप्पल साइड विनेगर लें और 50 बूंदे नीलगिरी का तेल लें। अब आप दोनों को एक स्प्रे बोतल में डाल कर मिक्स कर लें। इस मिश्रण का इस्तेमाल आप घरेलू मक्खियों को भगाने में इस्तेमाल कर सकते हैं और मक्खियों से बचने के लिए आप इसे अपनी त्वचा पर भी लगा सकते हैं।

कपूर का इस्तेमाल

कपूर की महक से मक्खियां बिल्कुल नहीं टिकती हैं। इस की महक सूंघते के साथ ही वह दूर भाग जाती हैं। इसलिए आप मक्खियों को अपने घर से भगाने के लिए कपूर का स्प्रे तैयार कर सकती हैं। इसे बनाने के लिए आप 8-10 कपूर की बॉल्स को पीसकर उनका पाउडर बनाएं। फिर इस पाउडर को एक गिलास पानी में मिक्स करें और स्प्रे बोतल में डालकर घर में उस जगह छिड़के जहां मक्खियां ज्यादा हो।

संतरे के छिलकों का इस्तेमाल

यदि आप संतरे के छिलकों को सुखाकर उन्हें जलाते हैं तो इसके धुंए से मक्खियां भाग जाती हैं। इसके लिए आपको चार पांच संतरे के छिलके धूप में अच्छी तरह सुखाने होंगे। फिर इन छिलकों को अपने घर में उस जगह जलाएं जहां मक्खियों का प्रभाव ज्यादा हो। ऐसा करने से मक्खियां तुरंत भाग जाएंगी।

दालचीनी पाउडर का इस्तेमाल

दालचीनी की महक से मक्खियां दूर भागती हैं उन्हें इस की महक बिल्कुल पसंद नहीं होती। अगर आपके घर में मक्खियां ज्यादा है तो आप वहां दालचीनी के पाउडर का छिड़काव कर सकते हैं इससे मक्खियां तुरंत भाग जाएंगी।