लाइव टीवी

Poisonous Plants: बच्चों के लिए घातक होते हैं ये पौधे, भूलकर भी ना रखें इसे घर में

Updated Jul 17, 2021 | 06:36 IST

घर के वातावरण को स्वच्छ बनाने वाले इन पौधों की पत्तियों का यदि गलती से सेवन कर लिया जाए तो यह मौत का कारण बन सकती है। खासकर यह बच्चों के लिए अधिक खतरनाक होता है।

Loading ...
These Plants Are Poisonous For Kids
मुख्य बातें
  • फिलोडेंड्रोन में पाया जाता है कैल्शियम ऑक्सलेट क्रिस्टल, यह स्वास्थ्य के लिए होता है घातक।
  • पोथोस आइवी को कहा जाता है डेविल्स आइवी, भूलकर भी ना करें इसके पत्तों का सेवन।

These Plants Are Poisonous For Kids: हाउसप्लांट आज के समय में घर की सजावट का अहम हिस्सा बन गया है। घर में रखे जाने वाले ये पौधे ना केवल घर की खूबसूरती बढ़ाते हैं बल्कि इनके कई स्वास्थ्य लाभ भी हैं। वहीं कुछ पौधे ऐसे भी होते हैं जो स्वास्थ्य के लिए घातक सिद्ध हो सकते हैं। जी हां घर के वातावरण को स्वच्छ बनाने वाले इन पौधों की पत्तियों का यदि गलती से सेवन कर लिया जाए तो यह मौत का कारण बन सकती है। खासकर यह बच्चों के लिए अधिक खतरनाक होता है। ऐसे में इस लेख के माध्यम से हम आपको कुछ ऐसे पौधों के बारे में बताएंगे जो बच्चों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
 
फिलोडेंड्रोन

फिलोडेंड्रोन घर की सजावट के लिए सबसे लोकप्रिय पौधा है और इसे उगाना भी काफी आसान होता है। अक्सर लोग इसे घर की बालकनी में लगाना पसंद करते हैं, क्योंकि यह घर के सजावट में चार चांद लगाता है। लेकिन आपको बता दें इसमें भरपूर मात्रा में कैल्शियम ऑक्सालेट क्रिस्टल पाया जाता है, जो एक प्रकार का जहरीला खाद्य पदार्थ होता है। ऐसे में इस पौधे को घर के बच्चों से दूर रखें। अगर आप इसे घर में लगाते हैं, तो इसके पत्तों को किसी ऊंचाई वाले स्थान पर लटकाएं।

पोथोस आइवी

पोथोस आइवी को डेविल्स आइवी के रूप में भी जाना जाता है। पोथोस आइवी को अक्सर लोग घर में लगाने की सलाह देते हैं। क्योंकि इसमें हवा को शुद्ध करने की क्षमता अधिक होती है। साथ ही इसे लगाना भी आसान होता है। यह पौधा उन लोगों के लिए काफी अच्छा है, जिन्होंने अभी गार्डनिंग की शुरुआत की है। क्योंकि इसे अधिक देखभाल की आवश्यकता नहीं होती। लेकिन पोथोस के हल्के हानिकारक प्रभाव भी होते हैं। खासकर बच्चों के लिए यह अधिक घातक सिद्ध हो सकता है। इसलिए इसे घर में किसी ऐसी जगह पर लगाएं, जहां बच्चे ना पहुंच सकें। तथा अन्य लोगों के लिए भी इसके गंभीर साइड इफेक्ट्स हो सकते हैं। जैसे मुंह और होंठ में जलन, गले में सूजन, त्वचा का रूखापन और उल्टी दस्त आदि समस्याएं।

पीस लिली

पीस लिली को स्पैथिफिलिम के रूप में भी जाना जाता है। यह एक सदाबहार पौधा है, लोग अक्सर इसकी आकर्षक पत्तियों और सफेद फूलों को देखकर मोहित हो जाते हैं। साथ ही यह घर में हवा को शुद्ध करने का भी काम करता है। लेकिन इस पौधे में भी फिलोडेंड्रोन और पीस लिली जैसे जहरीले प्रभाव पाए जाते हैं। जो आपके उल्टी, दस्त, मुंह में डलन, गले की सूजन आदि का कारण बन सकता है। यह पौधा इतना जहरीला होता है कि इसके दुष्प्रभाव आपकी जान भी ले सकते हैं। ऐसे में इस पौधे को घर में लगाने से बचें।

कैलेडियम

कैलेडियम को हांथी के कान और परी के पंख के रूप में भी जाना जाता है। लाल गुलाबी और सफेद रंगों के मिश्रण के कारण ये देखने में बेहद खूबसूरत होता है। ऐसे में इसे लोग घर के अंदर लगाना काफी पसंद करते हैं। लेकिन आपको बता दें कैलेडियम के हर हिस्से को जहरीले पदार्थों में शामिल किया जाता है। इसका हर हिस्सा स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदायक होता है। इतना ही नहीं इसके पत्तों को अगर गलती से भी मुंह में डाल लिया जाए तो यह शरीर में ऑक्सीजन की कमी कर सकता है, जो आपकी मृत्यु का कारण बन सकता है। ऐसे में इस पौधे को घर में लगाने से बचें, खासकर बच्चों से इस पौधे को दूर रखें।

इंग्लिश इवी

देखने में पान के पत्तों की तरह खूबसूरत इंग्लिश इवी घर की सुंदरता में चार चांद लगाता है। साथ ही विषाक्त कणों को घर से बाहर निकालने में भी मदद करता है। लेकिन इस पौधे को घर में लगाने के बाद आपको बिल्कुल सचेत रहना होगा, क्योंकि इसके पत्तों में विषाक्त कण पाए जाते हैं। इसके सेवन से गले में ऐंठन, सूजन, बुखार, उल्टी दस्त जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती है।