लाइव टीवी

DY. CM दिनेश शर्मा बोले- वोटों के लिए भगवा का इस्तेमाल करती है कांग्रेस, दंगाईयों का कर रही है समर्थन

Updated Dec 30, 2019 | 22:52 IST

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने प्रियंका गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि वो भगवा को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं क्योंकि वो तुष्टिकरण करना चाहती है।

Loading ...
वोटों के लिए भगवा का इस्तेमाल कर रही है कांग्रेस, अल्पसंख्यकों के नाम पर कर रही है दंगाईयों का समर्थन- DY CM
मुख्य बातें
  • यूपी के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेस कर प्रियंका गांधी को लिया निशाने पर
  • भगवा को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं कांग्रेस, अल्पसंख्यंकों के नाम पर कर रही है तुष्टिकरण- दिनेश शर्मा
  • इससे पहले प्रियंका गांधी ने भगवान राम औऱ कृष्ण के प्रसंगों के जरिए योगी पर साधा था निशाना

लखनऊ: नागरिकता कानून और एनआरसी को लेकर यूपी में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर सोमवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भगवान राम औऱ कृष्ण के प्रसंगों के जरिए योगी पर वार करते हुए कहा है कि यह पहली बार है जब एक मुख्यमंत्री ने कहा कि बदला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह भगवा कपड़ा पहनते हैं लेकिन यह भगवा निजी नहीं बल्कि करुणा का प्रतीक है लेकिन योगी जी के लिए इसके मायने अलग है।

प्रियंका गांधी पर भाजपा ने भी जवाबी हमला किया है। यूपी के उप मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता डॉ. दिनेश शर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेस कर प्रियंका गांधी को निशाने पर लिया।उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने सीएम योगी के साथ-साथ भगवा पर भी प्रश्नचिन्ह खड़ा किया है। प्रियंका गांधी को नहीं पता है कि कोई व्यक्ति भगवा क्यों पहनता है। यह सीधे सीधे धर्म की लड़ाई भड़काने की कोशिश है। मैं कहना चाहूंगा कि इस लड़ाई को धर्म की लड़ाई के तौर पर न पेश किया जाए।

मीडिया से बात करते हुए डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा, 'बसपा, सपा और कांग्रेस की उपचुनाव तथा लोकसभा चुनाव में जो पराजय हुई है उसके बाद सभी को अपना वोट बैंक खिसकता दिखाई दे रहा है। अभी इस समय बहुजन समाज पार्टी के वोटों को कैसे काटें, क्योंकि बीजेपी का वोट तो कट नहीं सकता, बीजेपी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है जो उपचुनाव में देखने को मिला जहां हमने 12 में से 9 सीटें जीती भी थी।'

दिनेश शर्मा ने प्रियंका को निशाने पर लेते हुए कहा, 'आज वो (प्रियंका) अल्पसंख्यक तुष्टिकरण के नाम पर वो दंगाइयों को समर्थन देने का काम कर रही है। वो ऐसे लोगों को समर्थन कर रही है जिन्होंने पुलिस पर गोलियां बरसाई, राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, जिनके पास खाली कारतूस और तमंचे बरामद हुए वो उन लोगों के साथ खड़ी दिखाई दी इस बात के लिए कि प्रकार से वर्ग  विशेष के साथ खड़े होते दिखाई दिए औऱ बसपा अथवा सपा से ज्यादा गंभीर दिखाई दे। ये सपा और कांग्रेस का आपसी द्वंद है कि कौन किस प्रकार जनाधार खीचे, ये तीनों एक एक दूसरे का वोट बैंक खींच रहे हैं और तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं।'

डॉ. दिनेश शर्मा ने प्रियंका गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि धारा-144 लगे होने के बावजूद लोगों को एकत्र किया जा रहा है। सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वाले उपद्रवियों के पक्ष में कांग्रेस के बड़े नेता खड़े हो रहे हैं।

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।