लाइव टीवी

UP Farmers: किसानों को राहत, ढाई लाख किसानों को फसल खराब होने का मुआवजा देगी योगी सरकार

Updated Oct 22, 2021 | 21:55 IST

Relief to UP farmers: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को उच्च स्तरीय बैठक में फसलों को हुई क्षति की समीक्षा की बताया जा रहा है कि बाढ़ और अत्यधिक बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आकलन का काम कंपलीट हो गया है।

Loading ...
उत्तर प्रदेश में किसानों को फसल खराब होने का मुआवजा देगी योगी सरकार
मुख्य बातें
  • 35 जिलों के 2.35 लाख किसानों को मिलेगा फसल खराब होने का मुआवजा
  • क्षतिपूर्ति के लिए जारी हुए 77 करोड़ 88 लाख रुपये, सर्वाधिक क्षतिपूर्ति देवरिया में
  • 17 से 19 अक्टूबर के बीच हुई बारिश से खराब हुई फसल का भी होगा आकलन

लखनऊ: बारिश के चलते धान व गन्ना आदि फसलों के हुए नुकसान का आकलन पूरा हो गया है। प्रदेश में करीब 2 लाख 35 हजार किसान ऐसे पाए गए हैं, जिनकी फसल हालिया अतिवृष्टि/बाढ़ के कारण खराब हो गई। कृषि और राजस्व विभाग के सर्वेक्षण के बाद शासन ने करीब 77 करोड़ 88 लाख रुपये जारी कर जल्द से जल्द किसानों को मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। 

शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने फसल क्षतिपूर्ति आकलन की प्रगति की समीक्षा की। अपर मुख्य सचिव, राजस्व मनोज कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि बाढ़ और अतिवृष्टि से कृषि फसलों को हुए नुकसान का आकलन पूरा हो गया है।

35 जिलों में 2 लाख 35 हजार 122 किसान ऐसे चिन्हित हुए हैं, जिनकी कृषि उपज बाढ़ अथवा भारी बारिश के चलते खराब हुई है।

मुआवजे के एवज में इन किसानों को 78 करोड़ 88 लाख की धनराशि दी जाने का काम जल्द ही शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि सर्वाधिक 37,848 प्रभावित किसान देवरिया जिले के हैं, जबकि सबसे कम नुकसान श्रावस्ती जिले में हुआ है। सीएम ने कहा कि एक भी पात्र किसान क्षतिपूर्ति से वंचित न रहे। जल्द से जल्द सभी की क्षतिपूर्ति करा दी जाए।

17 अक्टूबर से 19 अक्टूबर के बीच भी कई जिलों में भारी बारिश हुई

सीएम योगी ने कहा कि बीते 17 अक्टूबर से 19 अक्टूबर के बीच भी कई जिलों में भारी वर्षा हुई है। इस दौरान भी फसलों पर बुरा असर पड़ा है। ऐसे में तत्काल सर्वे कराकर जहां भी मानक से अधिक फसल खराब हुई है, संबंधित किसानों को मुआवजा दिया जाए। सीएम के निर्देश के बाद राजस्व विभाग ने इन तीन दिनों में फसलों के खराब होने का आकलन करने बाबत आदेश जारी कर दिया है।

'प्रदेश में गरीबों की जमीन कब्जाने की कोशिश की तो उसकी छाती पर प्रदेश सरकार का बुलडोजर चलेगा'

इससे पहले शुक्रवार को ही सीएम योगी ने पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में कहा कि सपा सरकार में आतंकवादियों पर लगे मुकदमे वापस होते थे,बीजेपी देश और प्रदेश के हित में हैं, अच्छी सरकार समाज का दायित्व है, उन्होंने कहा कि सपा सरकार आतंकवादियों के लिए काम करती है वहीं बीजेपी की सरकार में प्रदेश में कोई दंगा नहीं कर पाएगा, कोई अपराधी जबरन किसी किसान की जमीन पर कब्जा करने का दुस्साहस नहीं कर पाएगा।

सीएम योगी ने ये भी कहा कि अगर किसी शख्स ने प्रदेश में गरीबों की जमीन कब्जाने की कोशिश की तो उसकी छाती पर प्रदेश सरकार का बुलडोजर चलेगा। सीएम योगी ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री जी ने मंत्र दिया था- सबका साथ, सबका विकास, ये मंत्र अपने आप में सबकुछ कह देता है वहीं 2014 के पहले देश में अंसतोष था, अविश्वास था,2014 से पहले रोज एक नया घोटाला होता था,सबका साथ, सबका विकास आज की हकीकत, धारा 370 को खत्म की गई है।

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।