लाइव टीवी

Aditi Singh: दुल्हन बनने जा रही है कांग्रेस विधायक अदिति सिंह, इस नेता के साथ लेंगी सात फेरे

Updated Nov 17, 2019 | 13:57 IST

Aditi Singh Wedding: उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह शादी के बंधन में बंधने जा रही है। अदिति की शादी एक राजनीतिक परिवार में हो रही है।

Loading ...
इस नेता की दुल्हन बनने जा रही है कांग्रेस विधायक अदिति सिंह
मुख्य बातें
  • अदिति की शादी 21 नवंबर को दिल्ली में होगी जिसमें कई नेता कर सकते हैं शिरकत
  • अदिति पंजाब के कांग्रेस विधायक अंगद सैनी के साथ कर रही हैं शादी
  • अंगद और अदिति वर्ष 2017 में विधायक बने और दोनों राजनीतिक परिवार से आते हैं

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की रायबरेली से कांग्रेस की सबसे युवा विधायक अदिति सिंह शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। अदिति की शादी एक राजनीतिक परिवार में हो रही है। अदिति सिंह 21 नवंबर को दिल्ली में पंजाब के कांग्रेस विधायक अंगद सैनी के साथ सात फेरे लेंगी। खबरों की मानें तो अदिति की शादी उनके पिता स्वर्गीय अखिलेश सिंह ने तय की थी।

अंगद सिंह पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर से कांग्रेस के विधायक हैं। शादी समारोह 21 नवंबर को दिल्ली के एक रिजॉर्ट में आयोजित किया जा रहा है। शादी के कार्ड चुनिंदा मेहमानों को भेजे जा चुके हैं। अंगद के परिवार ने 23 नवंबर को दिल्ली में एक रिसेप्शन का आयोजन किया है।  सूत्रों की मानें तो अदिति के पिता अखिलेश सिंह के देहांत होने की वजह से शादी का कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया था। अखिलेश सिंह का इसी साल 20 अगस्त को निधन हो गया था।

राहुल और प्रियंका भी हो सकते हैं शादी में शामिल

शादी में सिर्फ करीबी रिश्तेदार और मित्र ही शामिल होंगे। खबरों के मुताबिक, अदिति की इस शादी में कई बड़े राजनेता शिरकत कर सकते हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी इस शादी में शरीक हो सकते हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शादी में शरीक हो सकते हैं।

कौन हैं अदिति सिंह?
अदित सिंह रायबरेली के पूर्व कांग्रेस विधायक अखिलेश सिंह की बेटी हैं। 32 वर्षीय अदिति 2017 में पहली बार रायबरेली से विधायक चुनी गईं। अदिति सिंह हाल ही में तब सुर्खियों में आईं थी जब उन्होंने प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में हिस्सा लिया था जबकि कांग्रेस ने इस सत्र का बहिष्कार किया था। कांग्रेस ने इसी कारण उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था जिसका अदिति ने कोई जवाब नहीं दिया था।

राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं अंगद सैनी

वहीं 29 वर्षीय अंगद सैनी भी राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। अंगद सैनी स्वर्गीय दिलबाग सिंह के परिवार से ताल्लुक रखते हैं जो पंजाब के नवांशहर सीट से 6 बार विधायक रहे थे।  अंगद सैनी जहां सिख हैं वहीं अदिति सिंह राजपूत है। यह शादी हिंदू और सिख दोनों रिति रिवाजों से होगी। हिंदू तरीके से शादी 21 नवंबर को दिल्ली में होगी जबकि नवांशहर शहर में आनंद कारज होगा। दोनों ही कार्यक्रम पूरी तरह से निजी रहेंगे। अंगद की मां खुद नवांशहर सीट से विधायक रह चुकी हैं। नवांशहर शहर में ही अंगद की मां की तरफ से एक पार्टी रखी गई हैं जिसमें स्थानीय कांग्रेस नेता शामिल होंगे।

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।