लाइव टीवी

UP: लखीमपुर में दो बहनों की मौत मामले खुलासा, रेप के बाद शादी की जिद पर अड़ी तो बहनों की कर दी हत्या

Updated Sep 15, 2022 | 12:22 IST

Lakhimpur Kheri Rape And Murder Case: यूपी के लखीमपुर जिले में दो बहनों की मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि लड़कियों का अपहरण नहीं किया गया था, वे अपनी मर्जी से गईं थीं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
लखीमपुर खीरी जिले के निघासन थाना इलाके दो बहनों की मौत
मुख्य बातें
  • लखीमपुर कांड पर पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
  • परिचित ने कराई थी दोनों बहनों की सोहेल और जुनैद से दोस्ती
  • आरोपियों ने दुष्कर्म के बाद बहनों की हत्या कर शव फंदे पर लटकाए, छह गिरफ्तार

Lakhimpur Kheri Rape And Murder Case: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के निघासन थाना इलाके दो बहनों की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा खुलासा किया है। गुरुवार सुबह पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने जानकारी दी कि दोनों बहनों की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई थी। पूरी वारदात में कुल छह लोग शामिल थे। पुलिस ने नामजद छोटू समेत छह आरोपी गिरफ्तार किया है। आरोपियों में छोटू, सुहेल, जुनैद, करीमुद्दीन, हफीजुल्लाह और आरिफ शामिल हैं।

पुलिस की एक आरोपी के साथ मुठभेड़ भी हुई है। आरोपी जुनैद को पुलिस ने झंडी चौकी इलाके में मुठभेड़ के बाद अरेस्ट किया है। आरोपी जुनैद पैर में गोली लगने से घायल हो गया है। पुलिस ने पॉक्सो और संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। मुकदमे में घर में घुसकर मारपीट, दुष्कर्म, हत्या और पॉक्सो एक्ट की धाराएं लगाई हैं। अपहरण की धारा को इसमें शामिल नहीं किया गया है। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के अनुसार दोनों बहनों के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना को कुल छह लोगों ने अंजाम दिया। 

परिचित ने कराई थी दोस्ती

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पांच अभियुक्त एक ही गांव के निवासी हैं। सभी आरोपी आपस में दोस्त हैं। मुख्य साजिश कर्ता गांव का ही छोटू है। छोटू ने ही किशोरियों से सुहैल और जुनैद की दोस्ती कराई थी। छोटू पीड़ित परिवार का परिचित है। हालांकि वारदात के दौरान छोटू मौके पर नहीं था। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बुधवार को दोनों बहनों को आरोपी बहला फुसला के खेत में ले गए थे। खेत में दुष्कर्म किया। सुहैल और जुनैद ने पूछताछ में दुष्कर्म की बात कबूल की है। 

शादी की जिद पर अड़ गई थीं किशोरियां

एसपी सुमन ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों लड़कियां उनसे शादी की जिद पर अड़ गई थीं। इससे खफा होकर तीन लोगों ने दुपट्टे से दोनों बहनों का गला घोंट दिया और हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए दो आरोपियों कलीमुद्दीन और आरिफ को भी मौके पर बुला लिया। इन दोनों ने भी किशोरियों को फंदे पर लटकाने में मदद की थी। आपको बता दें कि निघासन थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार शाम करीब छह बजे अनुसूचित जाति की दो सगी बहनों के शव पेड़ पर दुपट्टे से लटके मिले थे। मृतकों की मां ने बताया कि शाम करीब पांच बजे उनके सामने ही तीन लोग दोनों बेटियों को अगवा कर ले गए थे। घटना से गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ सदर चौराहा जाम कर दिया था। इस दौरान काफी समय तक हंगामा हुआ। हालांकि बाद में आईजी के आश्वसन पर ग्रामीणों ने जाम खोला।

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।