लाइव टीवी
Live Blog

यूपी पंचायत चुनाव 2021: नेताओं के सगे संबंधियों की करारी हार, नेता प्रतिपक्ष के बेटे को शिकस्त

Updated May 03, 2021 | 02:22 PM IST

UP Gram पंचायत चुनाव Results 2021: त्रिस्तरी पंचायत चुनावों में मतों की गिनती अब भी जारी है। उम्मीद है कि देर शाम तक सभी नतीजों को घोषित कर दिया जाएगा। जिला पंचायत चुनाव में जो नतीजे अभी तक घोषित किए गए हैं उसमें निर्दलियों और बागियों का जलवा बरकरार है। अगर बार राजनीतिक दलों की करें तो बीजेपी इस समय सबसे आगे है।

Loading ...
तस्वीर साभार:  Times Now
UP Panchayat Election 2021 (यूपी पंचायत चुनाव)

यूपी पंचायत चुनाव के नतीजों में अलग अलग रंग दिखाई दे रहा है। जिला पंचायत सदस्य नतीजों में सभी दलों के दिग्गज नेताओं के सगे संबंधियों को हार का सामना करना पड़ा है। सपा के कद्दावर नेता और नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी के बेटे अपनी सीट नहीं बचा पाए।आयोग के प्रवक्ता के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में 112358 सदस्य ग्राम पंचायत 16510  प्रधान  35812 ग्राम पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्वाचित घोषित किए गए हैं।

May 03, 2021  |  02:12 PM (IST)
सभी दलों के बड़े नेताओं के सगे संबंधियों को मिली पराजय

उत्तर प्रदेश में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता राम गोविंद चौधरी के बेटे सहित अनेक सूरमाओं के रिश्तेदारों को पराजय का सामना करना पड़ा है।आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सपा के वरिष्ठ नेता राम गोविंद चौधरी के बेटे रंजीत चौधरी जिला पंचायत के वार्ड संख्या 16 से पराजित हो गए हैं। वह तीसरे स्थान पर रहे। भाजपा के बिल्थरारोड क्षेत्र के विधायक धनन्जय कन्नौजिया की मां सर्यकुमारी देवी नगरा क्षेत्र पंचायत के वार्ड संख्या 19 से चुनाव हार गई हैं।

इसके अलावा भाजपा के पूर्व सांसद हरिनारायण राजभर के बेटे अटल राजभर जिला पंचायत के वार्ड संख्या 24 से, सपा नेता व पूर्व मंत्री शारदा नन्द अंचल के पौत्र विनय प्रकाश अंचल जिला पंचायत के वार्ड संख्या 27 से तथा भाजपा के गोरक्षनाथ प्रांत के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव जिला पंचायत के वार्ड संख्या 10 से चुनाव हार गए हैं।

भाजपा नेता व पूर्व सांसद बब्बन राजभर के भाई लल्लन राजभर सीयर क्षेत्र पंचायत के गजियापुर ग्राम पंचायत से प्रधान पद का तथा भाजपा सांसद नीरज शेखर के निकट सम्बन्धी आलोक सिंह सीयर क्षेत्र पंचायत के मझौवा से क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव हार गए हैं। अलबत्ता बसपा नेता एवं पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी के पुत्र आनन्द चौधरी जिला पंचायत के वार्ड संख्या 44 से चुनाव जीत गये हैं।गौरतलब है कि पिछले महीने चार चरणों में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की मतगणना दो मई को की गयी थी।

May 03, 2021  |  01:55 PM (IST)
जिला पंचायत चुनाव में अब तक निर्दलीय सभी दलों पर भारी

यूपी पंचायत चुनाव के ताजा आंकड़ों के मुताबिक जिला पंचायत की कुल 3050 सीटों के रूझानों और नतीजों में बीजेपी आगे निकल गई है। बीजेपी जहां 491 सीटों पर आगे है,वहीं समाजवादी पार्टी 364 और बीएसपी 130 सीटों पर आगे है, अगर बात कांग्रेस की करें तो उससे जुड़े हुए लोग 50 सीटों पर आगे हैं, वहीं निर्दलीय और बागी 499 सीटों पर आगे हैं।

May 03, 2021  |  01:18 PM (IST)
हाथरस में पू्र्व मंत्री की पत्नी को मिली जीत

हाथरस में पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय ने अपनी देवरानी को हरा दिया है। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए  बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे रामवीर उपाध्याय की पत्नी सीमा उपाध्याय ने  भाजपा समर्थित ऋतु उपाध्याय को वार्ड नम्बर 12 से पराजित किया।

May 03, 2021  |  11:25 AM (IST)
मैनपुरी में सपा विधायक की पत्नी को सपा के बागी उम्मीदवार ने हराया

मैनपुरी सदर विधायक राजकुमार यादव राजू की पत्नी वंदना यादव जिला पंचायत सदस्य पद की लड़ाई हार चुकी हैं। वंदना यादव वार्ड 28 से समाजवादी पार्टी से समर्थित प्रत्याशी थीं। बड़ी बात यह है कि सपा के ही बागी उम्मीदवार जर्मन यादव ने परास्त कर दिया।  

May 03, 2021  |  10:34 AM (IST)
मुलायम सिंह यादव की भतीजी को मिली शिकस्त

सपा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव की भतीजी संध्या यादव जिला पंचायत सदस्य का चुनाव हार गई हैं। वो मुलायम परिवार से विद्रोह कर भाजपा में शामिल हुई थीं। संध्या यादव बदायूं से समाजवादी पार्टी के सांसद रहे सांसद धर्मेंद्र यादव की बहन हैं। 

May 03, 2021  |  08:08 AM (IST)
जिला पंचायत सदस्य, बीजेपी 800 वार्ड में आगे

जिला पंचायत वार्ड सदस्यों की बात करें तो भाजपा ने 3050 में से 800 से अधिक वार्डों में बढ़त बनाई है। पार्टी को उम्मीद है कि प्रदेश की सभी 75 जिला पंचायतों में भाजपा काबिज होगी। अब तक प्रधान के 16,510 पदों, ग्राम पंचायत सदस्य के 1 लाख से अधिक और बीडीसी के 35,812 पदों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। 

May 03, 2021  |  06:34 AM (IST)
अब तक 16 हजार से अधिक नतीजे घोषित

यूपी पंचायत त्रिस्तरीय मतगणना जारी है। बताया जा रहा है कि दोपहर बाद तक पूरे नतीजे घोषित किए जाएंगे। इन सबके बीच अब तक 16 हजार से अधिक प्रधानों के नतीजे घोषित किए गए हैं। 

May 03, 2021  |  12:01 AM (IST)
गगहा ब्लाक में सबसे कम उम्र के प्रधान बने अंकुर

अंकुर गुप्ता (25) सबसे कम उम्र के प्रधान बने हैं। उन्होंने गगहा ब्लाक के केशवापार ग्रामसभा अभिषेक प्रजापति को 33 वोटों से हराया। अंकुर भाजपा मंडल अध्यक्ष महिला मोर्चा डॉक्टर रिंकी गुप्ता के प्रतिनिधि हैं।
 

May 02, 2021  |  10:46 PM (IST)
22 वर्षीय नेहा यादव बनीं प्रधान

 22 वर्षीय नेहा यादव प्रधान बनी हैं। वह एटा के सकीट ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत नगला काजी से चुनी गई हैं। उन्होने 65 वोट से जीत दर्ज की है। 

May 02, 2021  |  07:51 PM (IST)
बीजेपी विधायक के भाई की पत्नी को मिली शिकस्त

महराजगंज में बीजेपी विधायक बजरंग बहादुर सिंह के भाई की पत्नी सरिता सिंह को शिकस्त का सामना करना पड़ा। फरेंदा विधायक बजरंग के भाई की पत्नी सरिता रेंदा तहसील के धानी ब्लाक के कानापार वार्ड से खड़ी हुई थीं। उन्हें पूर्व प्रधान गोपाल सिंह ने हराया। गोपाल सिंह को 531 तो सरिता को 354 मत मिले।

May 02, 2021  |  05:30 PM (IST)
बुलंदशहर से आए नतीजे

बुलंदशहर जिले के अरनियां ब्‍लॉक के गांव ऊंचा गांव से नीतू शर्मा पत्‍नी राजू शर्मा प्रधान पद के लिए विजयी हुईं।

May 02, 2021  |  05:12 PM (IST)
अलीगढ़ के खैर ब्लॉक के नतीजे

खैर ब्लाक की संग्रामपुर गांव में श्री विष्णु (370) वोटों से ग्राम प्रधान पद के लिए विजयी। विरमपुर से रामकिशोर 266 वोटों से जीते। गांव भारेरी से सुखबीर सिंह ग्राम प्रधान पद के लिए जीते।चमन नगरिया से अर्चना 354 वोटों से जीते।गौला से ममता 360 वोटों से जीतीं। बामनी से सतीश कुमार 672 वोटों से विजयी। नयेला से दौजीराम 399 वोटों से जीते। बाजीदपुर से दुर्गेश पाठक 415 वोटों से जीते। चौधाना से वेद प्रकाश 598 वोटों से जीते।

May 02, 2021  |  05:02 PM (IST)
पप्पू बघेल ने तीसरी बार जीता प्रधानी का चुनाव

एत्मादपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत यूसुफपुर से पप्पू बघेल ने प्रधानी के चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाई है। वह तीसरी बार प्रधान बने हैं। 

May 02, 2021  |  04:55 PM (IST)
अजीतमल ब्लॉक की चार पंचायतों के नतीजे घोषित

औरैया की अजीतमल ब्लॉक की चार पंचायतों के नतीजे आ गये। ग्राम पंचायत बडेरा में विजयी हुए अनुज कुमार सिंह ने 352 मत मिले। ग्राम पंचायत दरवतपुर में अनुपम को 418 मत मिले। ग्राम पंचायत बीसलपुर में राज कुमार को 649 मत मिले। ग्राम पंचायत हालेपुर में अरविंद पाल को 249 मत मिले। 

May 02, 2021  |  04:46 PM (IST)
बागपत में अफरातफरी

बागपत में मतगणना के बीच आई कोरोना जांच रिपोर्ट, 74 संक्रमित मिले, मची अफरातफरी

May 02, 2021  |  04:19 PM (IST)
बाराबंकी से परिणाम

बाराबंकी के विकासखंड पूरेडलई के ग्राम पंचायत पूरेडलई से प्रधान पद प्रत्याशी मनोज वर्मा 67 वोटों से हुई विजय, मनोज वर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अनवारुल हसन को 67 वोटों से हराकर जीत हासिल की।

May 02, 2021  |  04:01 PM (IST)
प्रयागराज में दो प्रत्याशियों को मिले बराबर वोट

प्रयागराज में सोरांव के करौदी गांव सभा यूपी का पहला ऐसा रिजल्ट दे गया जहां टॉस का सहारा लेना पड़ा। यहां राजबहादुर और भुंवरलाल दोनों को 170 मत मिले। इसके बाद आरओ सुरेश चंद्र यादव ने टॉस कराया। भुंवरलाल टॉस जीतकर करौंदी के प्रधान बन गए।

Chandrayaan 3