लाइव टीवी

नारायण राणे पर 'सामना' से हमला, शिवसेना बोली-CM उद्धव की ले रखी है 'सुपारी'

Updated Aug 25, 2021 | 09:59 IST

Narayan rane News : सीएम उद्धव ठाकरे पर विवादित बयान मामले में नारायण राणे की मंगलवार रात गिरफ्तार हुई। हालांकि, कुछ समय बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। राणे कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं।

Loading ...
मुख्य बातें
  • महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे पर केंद्रीय मंत्री राणे ने दिया है विवादित बयान
  • विवादित टिप्पणी मामले में मंगलवार को गिरफ्तार हुए राणे, फिर मिली जमानत
  • अपने मुखपत्र 'सामना' में शिवसेना ने केंद्रीय मंत्री नारायण राणे पर हमला किया है

नई दिल्ली : मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बारे में विवादित बयान मामले में शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी के बीच जुबानी जंग जारी है। अब शिवसेना ने अपने मुखपत्र 'सामना' में लेख के जरिए केंद्रीय मंत्री नारायण राणे पर निशाना साधा है। अपने लेख में शिवसेना ने नारायण राणे पर सीएम उद्धव की सुपारी लेने का आरोप लगाया है। शिवसेना ने कहा है कि राणे आज जो कुछ भी हैं वह शिवसेना की वजह से हैं। उन्हें सबक सिखाने की जरूरत है क्योंकि वह गैंगस्टर की तरह बर्ताव कर रहे हैं। विवादित बयान मामले में राणे की मंगलवार रात गिरफ्तार हुई। हालांकि, कुछ समय बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। सूत्रों का कहना है कि राणे की कानूनी टीम ने मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाने का फैसला किया। राणे की टीम उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने की मांग करेगी। 

सीएम उद्धव ठाकरे पर दिया है विवादित बयान
दरअसल, सीएम उद्धव को लेकर राणे ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कथित तौर पर उद्धव को 'थप्पड़' मारने की बात कही है। उनके इस बयान के बाद शिवसेना भड़क गई और मंगलवार को नासिक, मुंबई, पुणे और औरंगाबाद सहित कई जगहों पर राणे और भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नासिक में भाजपा दफ्तर के ऊपर शिवसैनिकों ने पत्थरबाजी की। मुंबई में राणे के घर का घेराव करने की कोशिश की। यहां भाजपा और शिवेसैनिकों के बीच झड़प भी हुई।      

गिरफ्तारी के बाद जमानत पर रिहा हुए राणे
विवादास्पद टिप्पणी के आरोप में गिरफ्तार राणे को मंगलवार रात रायगढ़ जिले में महाड की एक अदालत ने जमानत दी। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री राणे की टिप्पणी को लेकर महाराष्ट्र में उनके खिलाफ चार प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। उन्हें रत्नागिरि पुलिस ने मंगलवार को दोपहर बाद गिरफ्तार किया था और फिर उन्हें महाड ले जाया गया। इससे पहले भाजपा नेता राणे के वकील अनिकेत निकम ने आरोप लगाया कि पुलिस राणे को गिरफ्तार करने से पहले कानून की उचित प्रक्रिया का पालन करने में विफल रही और वह उनकी गिरफ्तारी का विरोध करेंगे।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।