लाइव टीवी

Noida News: नोएडा के अलग-अलग हिस्‍सों से एक दिन में गायब हुई 4 किशोरियां समेत 7 महिलाएं, मचा हड़कंप

Updated Aug 17, 2022 | 21:30 IST

Noida News: नोएडा के लिए बुधवार का दिन अच्‍छा नहीं रहा। यहां के पुलिस थानों में एक के बाद एक किशोरियों और महिलाओं के लापता होने के मामले दर्ज होते रहे। शहर के अलग-अलग थानों में चार किशोरी समेत 7 महिलाओं के लापता होने का मामला दर्ज हुआ। सभी घर से बाहर गई थी और वापस नहीं लौटी। परिजन किसी अनहोनी से डरे हुए हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
एक ही दिन में गायब हुई 4 किशोरियां समेत 7 महिलाएं
मुख्य बातें
  • बुधवार को नोएडा के विभिन्‍न थानों में दर्ज हुए ये सभी मामले
  • सेक्टर-107 से लापता होने वालों में दो किशोरी थी आपस में दोस्‍त
  • सभी मामलों की जांच के लिए नोएडा पुलिस की कई टीमें गठित

Noida News: नोएडा में बुधवार को एक के बाद एक 4 किशोरियों समेत 7 महिलाओं के लापता होने से हड़कंप मच गया। ये सभी घटनाएं शहर के अलग-अलग थानों क्षेत्रों की है। इन सभी मामलों में इनके परिजनों की तरफ से शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने इन सभी 7 मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, अभी तक की गई जांच में इन सभी मामलों का आपस में किसी संबंध की जानकारी नहीं मिली है। सभी मामलों की अगल-अलग पुलिस टीम जांच कर रही है। जल्‍द ही सभी महिलाओं और किशोरियों को बरामद कर लिया जाएगा।

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के मीडिया प्रभारी पंकज कुमार ने इन मामलों की जानकारी देते हुए बताया कि, थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-107 से एक 15 वर्षीय और एक 14 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। यह दोनों किशोरियां आपस में दोस्त थी और एक साथ घर से बाहर निकली थी। इस मामले में उनके परिजनों ने थाना सेक्टर-39 में मुकदमा दर्ज करवाते हुए अपहरण की आशंका व्‍यक्‍त की है। पुलिस की दो टीमें सीसीटीवी कैमरों की जांच कर किशोरियों का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं।

शहर की इन जगहों से भी लापता हुई किशोरी व महिलाएं

पुलिस मीडिया प्रभारी ने बताया कि, इसके अलावा थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला गांव और होशियारपुर गांव से भी एक-एक किशोरी के लापता होनी की रिपोर्ट दर्ज हुई है। ये दोनों लड़कियां मंगलवार शाम को अपने घर से बाहर निकली और वापस नहीं आई। दोनों मामलों में बुधवार सुबह रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। इसके अलावा थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सर्फाबाद गांव से एक महिला के लापता होने का मामला दर्ज किया गया है। यह महिला भी किसी जरूरी काम से घर के बाहर गई थी और वापस नहीं आई। उन्होंने बताया कि, इसके अलावा थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सेक्टर-73 से भी एक महिला घर से दवाई लेने गई थी और वापस नहीं लौटी। वहीं, थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के ही सेक्टर-76 में रहने वाली एक महिला भी मंगलवार से लापता है। इन सभी मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्‍द ही सभी लापता महिलाओं व किशोरियों का पता लगा लिया जाएगा।