लाइव टीवी

नोएडा के इस होटल रूम में मिला नवजात का भ्रूण, दो दिन तक रूके थे एक महिला और पुरुष

Updated May 21, 2022 | 16:15 IST

Noida Hotel: नोएडा के एक ओयो होटल में करीब छह माह का भ्रूण मिला है। जांच में पता चला है कि होटल के एक रूम में पिछले दो दिनों से एक महिला और एक पुरुष ठहरे थे। जो ये भ्रूण छोड़कर गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
प्रतीकात्मक तस्वीर
मुख्य बातें
  • नोएडा के ओयो होटल में मिला छह माह के बच्‍चे का भ्रूण
  • होटल में दो दिनों से ठहरे थे एक पुरुष और एक महिला
  • पुलिस को अवैध गर्भपात गैंग पर शक, मामला दर्ज

नोएडा के एक ओयो होटल में एक छह माह के नवजात का भ्रूण मिला है। भ्रूण मिलते ही होटल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। तत्‍काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि इस होटल के एक रूम में पिछले दो दिनों से एक महिला और एक पुरुष रूके हुए थे। होटल छोड़ने के बाद जब कर्मचारियों ने कमरा चेक किया था, तो यह भ्रूण मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों की तलाश जारी शुरू कर दी है।

यह पूरी घटना फेज 3 थाना क्षेत्र में स्थित सेक्टर 71 ओयो होटल की है। पुलिस को होटल से आरोपी युवती का आधार कार्ड भी मिला है। आधार पर लिखे एड्रेस पर जाकर पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि यह एड्रेस उसकी मौसी का है। पुलिस ने इस पूरे मामले की कई एंगल से जांच कर रही है। पुलिस को इस केस में अवैध गर्भपात कराने वाले गैंग पर शक है।

पुरुष का आधार कार्ड निकला फर्जी

थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि, एक महिला व पुरुष होटल के एक कमरे में पिछले दो दिन रुके थे। जब वे होटल से गए, तब वहां के कर्मचारी कमरे की साफ सफाई के लिए वहां गए, इस दौरान ही कमरे से यह भ्रूण मिला। अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद जब आरोपियों के पहचान के लिए कमरा लेने के लिए जमा कराए गए आधार कार्ड के विवरण की जांच की गई तो महिला का पता चल गया, लेकिन जांच में पुरुष का आधार कार्ड फर्जी निकला।

आरोपियों की तलाश जारी

थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने बताया कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे और निगरानी प्रणाली की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है। त्रिवेदी के मुताबिक, पुलिस को शक है कि महिला के साथ आया व्यक्ति डॉक्‍टर था और उसने होटल के कमरे में महिला का अवैध रूप से गर्भपात किया। पुलिस का दावा है कि जल्‍द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।