लाइव टीवी

Road Accident: बिहार में सड़क पर दौड़ती गाड़ी तालाब ​में गिरी, निकल ही नहीं पाए बाहर और हो गई आठ लोग की मौत

Updated Jun 11, 2022 | 17:40 IST

पूर्णिया जिले में एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की जान चली गई। गाड़ी में सवार लोग बेटी की शादी का तिलक चढ़ाकर लौट रहे थे। कार तालाब में गिर गई और मौके पर आठ लोगों ने दम तोड़ दिया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
सड़क हादसे में 8 की मौत, खुशियां गम में बदलीं
मुख्य बातें
  • जिले के कांजिया गांव में शुक्रवार की देर रात हुआ सड़क हादसा
  • सभी लोग ताराबाडी से लौटकर जा रहे थे किशनगंज
  • दुर्घटना में दो लोगों की बचाई गई जान

पटना/पूर्णिया: पूर्णिया जिले में शुक्रवार की देर रात स्कॉर्पियो के तालाब में गिरने से आठ लोगों की जान चली गई। सभी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि दो लोगों को बचा लिया गया है। दुर्घटना कांजिया गांव में हुई। आठ शवों को बरामद कर लिया गया है। शवों का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बताया जाता है कि स्कॉर्पियो सवार सभी लोग ताराबाडी से किशनगंज लौट रहे थे। दुर्घटना के बाबत बताया जाता है कि स्कॉर्पियो सवार सभी लोग बेटी की शादी के लिए तिलक चढ़ाने ताराबाडी गए थे।

सभी तिलक समारोह से वापस अपने गांव किशनगंज लौट रहे थे, तभी रास्ते में अनगढ़ ओपी क्षेत्र अंतर्गत कांजिया मिडिल स्कूल के पास दुर्घटना के शिकार हो गए। कार जब तालाब में गिरी और सवारों की चीख-पुकार मची तो स्थानीय लोग अपने-अपने घर से बाहर निकले। इसके बाद कार के नजदीक जाकर देखा तो आठ लोग मृत पड़े थे। सिर्फ दो की सांसें चल रहीं थीं। इन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। 

रात 2 बजे से 2:30 बजे के बीच की घटना

कांजिया के मुखिया समरेंद्र घोष का कहना है कि शुक्रवार की रात 2 बजे से 2:30 बजे के बीच दुर्घटना हुई है। बताया कि तीखा मोड़ होने के कारण कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य किया गया। एंबुलेंस बुलाकर शवों को पोस्टमार्टम हाउस और घायलों को अस्पताल पहुंचवाया गया। पीड़ित परिजनों को सूचना दे दी गई है। सभी लोग जिला अस्पताल पहुंचकर अपने परिजनों का शव लेकर जाएंगे। 

किशनगंज जिले के नूनिया गांव के थे रहने वाले

दुर्घटना में मारे गए आठ लोग किशनगंज जिले के थे। सभी यहां की महीनगांव पंचायत के नूनिया गांव के रहने वाले थे। मृतकों में गंगा प्रसाद यादव, तांडव लाल यादव, करण लाल यादव, अमरचंद यादव, कालीचरण यादव, राम किशन यादव, गुलाब चंद यादव और मानिक लाल हैं। 

मृतकों के परिजनों को मिलेगी चार—चार लाख रुपए की सहायता

वहीं घटना के संबंध में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी दुख प्रकट किया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने की भी घोषणा की। उन्होंने ट्वीट कर मारे गए लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।