लाइव टीवी

Patna News: राजधानी पटना में गर्मी के कारण कल से इतने बजे तक ही संचालित होंगे स्कूल

Updated Apr 17, 2022 | 19:30 IST

School New Time:राजधानी पटना में बढ़ती गर्मी से हर कोई परेशान है। खासतौर पर स्कूली बच्चों को लू लगने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में स्कूल संचालन के समय में बदलाव किया गया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
पटना में सभी विद्यालय नए समय से होंगे संचालित
मुख्य बातें
  • सोमवार से सभी स्कूल सुबह 11:45 तक ही खुले रहेंगे
  • पटना जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश
  • जिलाधिकारी ने आदेश में कहा, मनमानी की तो संचालक पर होगी कार्रवाई

Patna DM Order: पटना में भीषण गर्मी पड़ रही है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 1 से 2 दिनों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस भी पार कर सकता है। लू  की मार से हर कोई परेशान है।  ऐसे में पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने सभी स्कूलों के संचालन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किया है।

डीएम ने कहा कि सभी स्कूल सुबह 11:45 बजे के बाद बंद हो जाएंगे। इस समय के बाद कोई स्कूल संचालित होता है, उसके प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सुबह 11:45 बजे के बाद किसी तरह शैक्षणिक गतिविधियां नहीं होंगी। 

अगले आदेश तक सुबह 11:45 बजे तक ही संचालित होंगे स्कूल

डीएम डॉ. चंद्रशेखर ने अपने आदेश में बताया कि मौसम बिल्कुल प्रतिकूल बना हुआ है। इस समय बच्चों के स्वास्थ्य को सबसे अधिक खतरा है। उन्होंने कहा कि सभी प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र समेत सभी तरह के स्कूल के संचालन को लेकर आदेश जारी हुआ है। यह आदेश 18 अप्रैल से प्रभावी रहेगा। स्कूल के समय में बदलाव को लेकर आगे आदेश जारी होने के बाद भी स्कूल प्रबंधन द्वारा समय में बदलाव किया जाए। 

अगले 24 घंटे तक शुष्क रहेगा मौसम

फुलवारी शरीफ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अभी सतह से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक शुष्क पश्चिम हवा का प्रवाह बना है। अगले दो दिनों तक में धीमी हो सकती है। इस कारण पटना समेत पूरे सूबे में अगले 24 घंटे तक मौसम शुष्क रह सकता है। इस दौरान कुछ हिस्सों में खासतौर पर दक्षिण-पश्चिम दक्षिण मध्य इलाकों में लू जैसी स्थिति रहने के आसार हैं। 


इन 12 जिलों में लू का अलर्ट जारी

मौसम विभाग की ओर से 12 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। इनमें बक्सर, कैमूर, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद,गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, जमुई, बांका, भागलपुर शामिल हैं। बता दें पिछले एक हफ्ते से बक्सर का सबसे अधिक तापमान रह रहा है। सूबे में सबसे गर्म जिला बना हुआ है। 
 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।