लाइव टीवी

JDU नेता ने चिराग पासवान को बताया जमूरा, कहा- किसी और की धुन पर नाच रहे हैं

Updated Oct 26, 2020 | 21:09 IST

Chirag Paswan: जेडीयू नेता संजय झा ने चिराग पासवान को जमूरा बताया है, जो किसी और के इशारे पर नाच रहा है। उन्होंने कहा कि चिराग फिल्म की तरह राजनीति में भी फ्लॉप हो जाएंगे।

Loading ...
चिराग पासवान
मुख्य बातें
  • चिराग पासवान नीतीश कुमार पर लगातार हमलावर बने हुए हैं
  • NDA से अलग होकर अकेले चुनाव लड़ रही है लोजपा
  • प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी का लगातार समर्थन कर रहे हैं चिराग

नई दिल्ली: लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के नेता चिराग पासवान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर काफी हमलावर बने हुए हैं। उन्हें जवाब देते हुए जेडीयू के नेता संजय झा ने कहा कि जिस तरह से उनकी फिल्म फ्लॉप हुई, उसी तरह चिराग राजनीति में भी फ्लॉप हो जाएंगे। उन्होंने कंगना के साथ अभिनय किया, अब देखें कि वह कहां पहुंची है। इसी तरह सुशांत ने बिना किसी पृष्ठभूमि के बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई। चिराग एक 'जमूरा' है जो किसी और की धुन पर नाचता है।

झा ने कहा, 'चिराग द्वारा नीतीश जी के बारे में दिया गया बयान 'जमुरा' की भूमिका है, वही वो आजकल निभा रहे हैं। अब आप अपनी खुद की समझ से व्याख्या कर सकते हैं कि चिराग का 'मदारी' कौन है। कोई अपनी धुन पर चिराग को डांस करवा रहा है, तो कोई डांस कर रहा है।' 

वहीं लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के प्रति अपनी श्रद्धा दिखाते हुए कहा, 'निजी तौर पर मैं पीएम मोदी का प्रशंसक हूं लेकिन मेरा राजनीतिक मार्ग अलग है। मैं अपने अभियान में उनके नाम का उपयोग नहीं कर रहा हूं। एक बात स्पष्ट है कि 10 नवंबर के बाद वर्तमान सीएम कभी भी बिहार के सीएम नहीं बनेंगे। हम भाजपा के साथ सरकार बनाएंगे, मैं यह लंबे समय से कह रहा हूं।' 

चिराग ने नीतीश को जेल भेजने की बात की

चिराग ने बिहार सरकार के ‘सात निश्चय कार्यक्रम’ में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सोमवार को कहा कि यदि प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो इस मामले में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, वे जेल में होंगे। अरवल में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे चिराग ने ‘भाषा’ से फोन पर बातचीत के दौरान कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बनाई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया, 'उनकी नाक के नीचे भ्रष्टाचार हो रहा है। अगर उन्हें (नीतीश को) जानकारी है तो दोषी वह भी हैं और वह भी जेल जाएंगे।' चिराग ने यह भी आरोप लगाया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब की तस्करी जारी है। इसकी तस्करी का पैसा मुख्यमंत्री की जेब में जाता है। मुख्यमंत्री जानते हैं कि उनके द्वारा लागू की गयी शराबबंदी विफल है।
 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।