लाइव टीवी

Patna weather News : पटना में गर्मी ने तोड़ा पिछले 6 सालों का रिकॉर्ड, बढ़ते पारे से जनता हुई बेहाल

Updated Apr 27, 2022 | 19:33 IST

Patna Weather News: राजधानी पटना में गर्मी चरम पर है। दिन में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। हर दिन गर्मी का रिकॉर्ड टूट रहा है। ऐसे में राजधानी पटना में लोग लू के थपेड़ों से बेहाल हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
पटना में बढ़ते तापमान से बेहाल लोग
मुख्य बातें
  • पटना समेत पूरे सूबे का बढ़ा तापमान, हीटवेव से दोगुनी हुई परेशानी
  • पछुआ हवा 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही
  • मंगलवार को पटना का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया

Patna Weather News: राजधानी पटना में इस साल भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी ने पिछले छह साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बताया जा रहा है कि, अगर तापमान और बढ़ा तो 42 सालों का रिकॉर्ड टूट सकता है। आपको बता दें कि, 2022 के 26 अप्रैल को तापमान 43 डिग्री, 2021 में 14 अप्रैल को 41.16, 2020 के 7 अप्रैल को 38.8 डिग्री, 2019 के 28 अप्रैल को 42.6 डिग्री, 2018 के 19 अप्रैल को 40.3, 2017 के 29 अप्रैल को 41.6 और 2016 के 30 अप्रैल को 44.5 डिग्री पारा रहा था। पटना समेत पूरा बिहार लू की चपेट में है। आलम यह है कि, सुबह 10 बजे के बाद सड़कों एवं बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है। दोपहर को सड़कें सूनी हो जाती हैं।

पछुआ हवा 10-12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री का इजाफा हुआ है। पटना का तापमान मंगलवार को 43 डिग्री और सोमवार का तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, बक्सर सबसे गर्म जिला रहा। यहां का तापमान 44.7 डिग्री दर्ज किया गया। गया, शेखपुरा, जमुई, वैशाली, औरंगाबाद, बांका और नवादा का भी तापमान 43 डिग्री से अधिक रहा। जबकि भागलपुर जिले के सबौर, जमुई, बक्सर, वैशाली खगड़िया, नवादा और नालंदा में लू के थपेड़ों से लोग परेशान दिखे।  

29 तक पड़ेगी भीषण गर्मी

मौसम को लेकर पूर्वानुमान जारी हुआ है कि, पटना में 29 अप्रैल तक भीषण गर्मी पड़ सकती है। इस दौरान पटना समेत कई जिलों में लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, कुछ जिलों में बारिश की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं। जानकारियों के मुताबिक, 29 अप्रैल को पटना, बक्सर, जहानाबाद, औरंगाबाद, गया, अरवल, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, बांका में लू चलेगी। वहीं, दूसरी ओर पूर्वी-पश्चमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज आदि में बारिश हो सकती है। इन जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी।

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।