लाइव टीवी

पटना में बच्चा चोरी कर लाखों में बेचा, स्कूल की टीचर निकली खरीदार, ऐसा खुला पूरा खेल

Updated Jun 17, 2022 | 17:48 IST

Bihar News: पटना में बच्चा चोरी का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्चा चोरी की आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बच्चा खरीदने वाली आरोपी महिला को भी पकड़ लिया है। बच्चे को उसकी मां को सौंप दिया गया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
प्रतीकात्मक तस्वीर
मुख्य बातें
  • नालंदा में एक शिक्षिका को आरोपी महिला ने बेचा था बच्चा
  • पुलिस ने आरोपित शिक्षिका को भी किया गिरफ्तार
  • पुलिस ने बच्चे को सकुशल उसकी मां के हवाले किया

Crime News: बाढ़ थाना के नाथचक गांव से बुधवार को बुढ़नपुर गांव निवासी एक महिला ने पांच वर्षीय बच्चे को चोरी कर नालंदा में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका को डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया। पुलिस ने बच्चे को नालंदा से सकुशल बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया है। बच्चा चोरी की इस घटना से आसपास के इलाकों में दहशत है। 

लोगों में बच्चा चोरी की घटना की चर्चा हो रही है। इस मामले में पुलिस ने आरोपित शिक्षिका सहित एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि बुधवार शाम नाथचक गांव की प्रियंका देवी रोते हुए एक महिला को पकड़ कर थाना पहुंची। प्रियंका ने दूसरी महिला पर पांच वर्षीय बेटा लकी कुमार चुराने का आरोप लगाया। पुलिस ने बताया कि जब मामले की जांच शुरू की तो पकड़ी गई महिला फूला देवी खुद को निर्दोष बताते हुए पुलिस को गुमराह करती रही। इस पर बाढ़ थानाध्यक्ष राज नंदन ने टेक्निकल टीम गठित कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू की।

बच्चे को पहले दिखाया, फिर लगाई कीमत

मिली जानकारी के अनुसार आरोपित महिला कुछ भी बताने से इंकार करती रही। इसी दौरान जांच में पुलिस को महिला के पास से टूटा सिम मिला। पुलिस ने डिटेल खंगाली तो अहम सुराग उनके हाथ लगे। महिला को लेकर पुलिस नालंदा के सोहसराय थाना क्षेत्र में पहुंची। यहां लक्खा चक थरथरी क्षेत्र के एक घर से लकी को बरामद किया गया। मामला खुलने पर फूला देवी ने पुलिस को बताया कि बुधवार को ही उसने बच्चे को उठा लिया था। उठाने के पहले खरीदने वाली आरोपी महिला को बच्चे को दिखाया था। पसंद आने पर बच्चे की कीमत डेढ़ लाख रुपये तय की गई। फिर फूला देवी ने महिला को बच्चा बेच दिया। हैरानी की बात तो ये है कि बच्चा खरीदने वाली महिला गवर्नमेंट स्कूल में टीचर हैं। 

मोबाइल के कॉल डिटेल्स से पकड़ में आईं दोनों आरोपी

आरोपी शिक्षिका का कहना है कि वह बच्चा अपनी बहन को देने के लिए खरीदा था। अब पुलिस ने शिक्षिका को बच्चा खरीदने और फूला देवी को चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के लिए बता दें फूला देवी को हिरासत में लेने के साथ ही उसने अपना मोबाइल सिम तोड़कर फेंक दिया था। जिसपर पुलिस को फूला देवी पर शक हुआ। पुलिस मोबाइल नंबर की डीटेल्स से ही पूरे मामले को सुलझा पाई।

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।