लाइव टीवी

Patna : तेजस्वी यादव की नीतिश सरकार से मांग - हर बाढ़ प्रभावित परिवार के लिए 20,000 रुपए की आर्थिक मदद दें

Updated Aug 01, 2020 | 15:13 IST

Patna News: तेजस्वी प्रसाद यादव ने राज्य की नीतिश कुमार की सरकार से ये मांग की है कि हर बाढ़ प्रभावित परिवारों को 20-20,000 रुपए की आर्थिक मदद दी जाए।

Loading ...
तेजस्वी प्रसाद यादव
मुख्य बातें
  • बिहार विपक्षी पार्टी के नेता तेजस्वी यादव ने किया बाढ़ प्रभावित इलाकोंका दौरा
  • राज्य की नीतिश सरकार पर लगाए पीड़ितों की अनदेखी के आरोप
  • तेजस्वी यादव ने हर बाढ़ प्रभावित परिवार को 20,000 रुपए की आर्थिक मदद देने की मांग की

पटना : बिहार में विपक्षी पार्टी के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने राज्य की नीतिश कुमार की सरकार से ये मांग की है कि हर बाढ़ प्रभावित परिवारों को 20-20,000 रुपए की आर्थिक मदद दी जाए। दरअसल उन्होंने शुक्रवार को चंपारण में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था जिसके बाद उन्होंने राज्य विधानसभा में नीतिश सरकार के समक्ष ये मांगे रखीं।   

तेजस्वी यादव ने कहा कि नदियां ओवरफ्लो हो रही हैं जिससे उत्तरी बिहार के 14 जिलों की करीब 40 लाख जनता बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं। लोग या तो अपने घर की छतों पर हैं या फिर सड़कों पर। राज्य सरकार ने 19 राहत कैंप बनवाए हैं जिनमें केवल 26,000 लोग रह रहे हैं। बड़ी संख्या में और भी राहत कैंप और कम्युनिटी किचन बनाए जाने की जरूरत है। उन्होंने आगे कहा कि लोग भूख और दवाईयों की कमी से मर रहे हैं।

तेजस्वी यादव ने एक बार फिर नीतिश सरकार की आलोचना करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री ने अब तक बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि उनके पास हेलीकॉप्टर हैं जिससे वे आसानी से बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर सकते हैं। उन्हें लोगों की पीड़ा को महसूस करना चाहिए।

तेजस्वी यादव ने विभिन्न इलाकों के लोगों से मुलाकात भी की और उन्हें फूड पैकेट्स, राहत सामग्री और पैसे भी दिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने राज्य की जनता को सड़क पर खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर कर दिया है। बताया जाता है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में ये उनका दूसरा दौरा था। 22 जुलाई को उन्होंने दरभंगा का दौरा किया था जहां प्रभावितों के बीच फूड पैकेट्स बांटे थे। 

इधर राज्य की सत्ताधारी पार्टी जेडीयू ने तेजस्वी यादव के बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे को चुनावी स्टंट बताते हुए कहा है कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तेजस्वी यादव जनता से अपना मेल-मिलाप बढ़ा रहे हैं।

जेडीयू प्रवक्ता अरविंद निषाद ने कहा कि तेजस्वी को गरीब व शोषितों से कोई लगाव प्रेम नहीं है ये सब एक चुनावी स्टंट है। उन्होंने कहा की राज्य सरकार जरूरतमंदों के लिए सभी जरूरी सहायता उपलब्ध करवना रही है। उनके लिए कम्युनिटी किचन सेटअप किए गए हैं और हर प्रभावित परिवारों को 6,000 रुपए की आर्थिक मदद दी गई है। 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।