लाइव टीवी

सोशल मीडिया पर हुआ प्यार, फिर बिन 'शादी' के रहने लगे साथ, दो बार प्रेग्नेंट हुई लड़की तो प्रेमी ने कराया गर्भपात

Updated Aug 02, 2022 | 19:43 IST

Patna Police: पटना में एक विवाहित महिला को एक शख्स से सोशल मीडिया के जरिए प्यार हो गया। शख्स ने महिला के मांग में सिंदूर भर दिया। दोनों लिव इन में रहने लगे। इस दौरान महिला दो बार प्रेग्नेंट हो गई। फिर शख्स ने दोनों बार गर्भपात करा दिया। अब उसे धोखा देकर चला गया है और महिला को रेप कराने की धमकी देता है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
पटना में महिला को रेप कराने की धमकी, शिकायत दर्ज
मुख्य बातें
  • सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती, झूठे प्यार में फंसाकर मांग में भर दिया सिंदूर
  • लिव इन में रहने के दौरान महिला का कराया दो बार गर्भपात
  • अब पीछा छुड़ाने के लिए दे रहा रेप कराने की धमकी

Patna News: पटना की रहने वाली एक शादीशुदा महिला को एक शख्स ने ऐसा झांसा दिया कि उसके चक्कर में फंसकर महिला ने अपनी पूरी जिंदगी तबाह कर ली। पहले आरोपी ने महिला को अपने झूठे प्यार के जाल में फंसाया और फिर उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। न बाजा और ना ही बाराती, दोनों पति-पत्नी की तरह साथ में लिव इन में रहने लगे। इस बीच महिला दो बार प्रेग्नेंट हो गई लेकिन आरोपी ने उसका गर्भपात करा दिया। अब महिला से पीछा छुड़ाने के लिए आरोपी शख्स रेप कराने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

बता दें कि पटना के संदलपुर निवासी महिला की दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए मंटू कुमार से हुई थी। दोनों के बीच चैटिंग शुरू हुई तो बातों का सिलसिला धीरे-धीरे आगे बढ़ा। फिर दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। महिला किराए के मकान में अकेली रहा करती थी। उसकी शादी एक प्राइवेट स्कूल के टीचर से हुई थी। पति नशे की हालत में उसके साथ हमेशा मारपीट करता था, जिसके बाद वह पति को छोड़कर संदलपुर में आकर रहने लगी।

दो साल पहले आरोपी ने भरी थी महिला की मांग

महिला ने शिकायत में बताया है कि मंटू अक्सर किसी न किसी बहाने से उसके घर पहुंच जाता था। घर में अकेली होने का फायदा उठाकर वह उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाने लगा। 14 अप्रैल, 2020  में दोनों करौटा स्थित एक मंदिर में घूमने गए। इस दौरान मंटू ने उसकी मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया। जिसके बाद दोनों पति-पत्नी की तरह लिव इन में रहने लगे। इसी बीच महिला दो बार गर्भवती भी हुई लेकिन दोनों बार आरोपी ने महिला का गर्भपात करवा दिया।

महिला से पीछे छुड़ाने के लिए बनाए कई बहाने

मंटू मूल रूप से बक्सर जिले के दहिवर का रहने वाला है। वह पहले संदलपुर के पास एक हॉस्टल में रहता था। इसी बीच मंटू महिला से कटिहार जाने की बात कहकर चला गया। बाद में महिला को पता चला कि वह कटिहार जाने के बजाए सिल्लीगुड़ी चला गया है। मंटू अब महिला से पीछा छुड़ाने के लिए यहां वहां जाने की बात करके उसे झांसा देने लगा। पटना आने के बावजूद वह महिला से मिलता तक नहीं था। परेशान महिला ने पटना के महिला थाने में मंटू के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी है।

शिकायत दर्ज होने के बाद से मंटू महिला को हॉस्टल के लड़कों से रेप करवाने और जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। पुलिस ने मंटू से बात की तो उसने प्रेम प्रसंग की बात को तो मान लिया लेकिन शादी की बात से इनकार कर रहा है। पुलिस ने मंटू को नोटिस जारी कर थाने में हाजिर होने का निर्देश दे दिया है। 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।