लाइव टीवी

पटना में लड़की का हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिसकर्मियों से बोली-चालान काटा तो हंगामा मच जाएगा, Video

Updated May 06, 2021 | 13:24 IST

Bihar News : पटना में बिना हेलमेट पहने स्कूटी सवार लड़की को पुलिसकर्मियों ने रोका तो वह उनसे उलझ गई। लड़की ने कहा कि अगर उसका चालान कटा तो पूरे बिहार में हंगामा मच जाएगा।

Loading ...

पटना : कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए कई राज्यों ने अपने यहां लॉकडाउन और मिनी लॉकडाउन घोषणा की है। पुलिस लोगों से कोविड प्रोटोकॉल्स एवं गाइडलाइन का सख्ती से पालन करा रही है। हालांकि, कई जगहों पर लोग कोविड-19 प्रोटोकाल्स का उल्लंघन भी कर रहे हैं। कोरोना गाइडलाइन के उल्लंघन का एक मामला राजधानी पटना में सामने आया है। यहां एक लड़की पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी करती नजर आई है। बिहार में इस समय लॉकडाउन जैसे सख्त प्रतिबंध लागू हैं। गैर-जरूरी सेवाओं के लिए बाहर निकलने पर मनाही है। 

बिना हेलमेट पहने स्कूली चला रही थी लड़की 
पटना में बिना हेलमेट पहने स्कूटी सवार लड़की को पुलिसकर्मियों ने रोका तो वह उनसे उलझ गई। लड़की ने कहा कि अगर उसका चालान कटा तो पूरे बिहार में हंगामा मच जाएगा। इसके बाद वह पुलिसकर्मियों को बुरा-भला कहने लगी। लड़की ने हेलमेट न पहनने का बचाव करते हुए कहा कि 'यहां लोगों की कोरोना से मौत हो रही है और आप लोगों को हेलमेट की पड़ी है।' पुलिस से लड़की के उलझने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। 

पुलिस को अपनी बात सुनाती रही 
इस दौरान पुलिसकर्मी लड़की को यह समझाने की कोशिश करते रहे कि लॉकडाउन के दौरान घर से गैर-जरूरी कार्यों के लिए निकलने की मनाही है और वे प्रोटोकॉल तोड़ने पर उसकी स्कूटी का चालान करेंगे। इस पर लड़की उन्हें धमकाते हुए कहती है कि अगर उसका चालान कटा तो सबकी नौकरी चली जाएगी। लड़की पीएम मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती है। 

लड़की बोली-उसे स्टेशन जाना था, वाहन नहीं मिला
लड़की कहती है कि सरकार बिना सोचे समझे लॉकडाउन लगा देती है। इससे आम लोगों को परेशानी होती है। लड़की ने कहा कि उसे रात 11 बजे ट्रेन पकड़नी है लेकिन इसके लिए वह पिछले तीन घंटे से कोई वाहन ढूंढ रही है लेकिन उसे कोई गाड़ी नहीं मिल रही है। उसे स्टेशन जाने के लिए कोई साधन नहीं मिल रहा है। 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।