लाइव टीवी

Pune Crime News: पुणे पुलिस ने पिंपरी-चिंचवड से 9 लाख से अधिक का अवैध गुटखा किया जब्त, दो गिरफ्तार

Updated Jul 24, 2022 | 19:38 IST

Pimpri-Chinchwad Police: पिंपरी-चिंचवड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों का प्रतिबंधित गुटखा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास एक बाइक और एक कार के अलावा प्रतिबंधित गुटखा से संबंधित माल जब्त किया है। दो आरोपी पकड़े गए हैं जबकि एक फरार चल रहा है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
पुणे पुलिस को बड़ी कामयाबी, लाखों के अवैध गुटखे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • ढाई लाख रुपए का प्रतिबंधित गुटखा समेत सवा नौ लाख का माल किया गया बरामद
  • एक बाइक और एक कार भी बरामद की गई
  • आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कार्रवाई जारी

Pune Crime News: पिंपरी-चिंचवड पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दो लोगों को पकड़कर उनसे ढाई लाख रुपए मूल्य के प्रतिबंधित गुटखा समेत कुल सवा नौ लाख रुपए का माल जब्त कर लिया है। रावेत के मुकाई चौक में यह कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम सुरेश मोहनलाल बिश्नोई (19) और आसुराम चुनाराम बिश्नोई (30) है। बता दें कि सरवन बिश्नोई नाम का इनका एक अन्य साथी फरार है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच के यूनिट-5 को ऐसी रिपोर्ट मिली थी कि सरकार की ओर से प्रतिबंधित किए गए गुटखा को अवैध रूप से बेचा जा रहा था। इसी के तहत वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रामदास इंगवले ने टीम का गठन किया। बता दें कि मुकाई चौक से विकास नगर की ओर जाने वाली सड़क के पास एक निर्माणाधीन इमारत के करीब छापेमारी की गई। इसी दौरान पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ें गए आरोपियों के पास से 2 लाख 43 हजार 662 रुपये का अवैध गुटखा एक दोपहिया वाहन और एक कार सहित कुल 9 लाख 23 हजार 172 रुपए का प्रतिबंधित गुटखे में प्रयोग होने वाला माल बरामद किया गया है।

पुलिस को अन्य साथी की तलाश

जानकारी के लिए बता दें कि आरोपियों के खिलाफ देहूरोड पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के एक फरार साथी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के कई दिन से प्रयास चल रहे थे। लेकिन सटीक सूचना न मिल पाने के कारण ये आरोपी बच जाते थे। इस बार सटीक मुखबिरी से आरोपियों को पकड़ने में मदद मिली। बता दें कि पुलिस की इस कारवाई को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

पिंपरी-चिंचवड के इन इलाकों में भी पकड़ा गया है अवैध गुटखा

मिली जानकारी के अनुसार पिंपरी-चिंचवड में इससे पहले बीते दिनों निगड़ी और तलेगांव एमआईडीसी पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 61 हजार रुपए का प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाले का स्टॉक जब्त किया था। तलेगांव एमआईडीसी पुलिस की कार्रवाई में गुंडाराम मांगीलाल सोलंकी (26) को गिरफ्तार कर लिया गया था। उसका कुमार राजू तेवर नामक साथी फरार हो गया था। बता दें कि सोलंकी के पास से 39 हजार 769 रुपए का अवैध गुटखे का माल बरामद किया गया था। इसी तरह निगड़ी पुलिस ने अमोल वसंतराव भाकरे (28) को गिरफ्तार कर उसके पास से 23 हजार 608 रुपए का अवैध गुटखे का माल जब्त किया था। पुलिस को मयंक पाटील नामक उसके फरार साथी की अभी भी तलाश है।