लाइव टीवी

Pune Traffic News: शहर में अब नहीं लगेगा जाम, तीन शिफ्ट में काम करेगी ट्रैफिक पुलिस, जाम की 24 जगहें चिन्हित

Updated Jul 05, 2022 | 20:26 IST

Pune Traffic News: पुणे के लोगों को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए एक सर्वे करके 24 ऐसे जगहों का पता लगाया है, जहां पर सुबह 9 बजे से देर रात एक बजे तक जाम लगता है। अब इन जगहों पर जाम लगने के कारणों का पता लगाकर उसमें सुधार किया जाएगा। साथ ही लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए पुलिस अब तीन शिफ्ट में देर रात एक बजे तक कार्य करेगी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
ट्रैफिक पुलिस देर रात तक तीन शिफ्ट में काम करेगी
मुख्य बातें
  • शहर में देर रात तक जाम लगने की 24 मुख्‍य जगह चिन्हित
  • जाम लगने के कारणों का पता लगाकर किया जाएगा सुधार
  • ट्रैफिक पुलिस अब तीन शिफ्ट में रात एक बजे तक करेगी कार्य

Pune Traffic News: पुणे के विभिन्‍न मार्गों पर प्रतिदिन घंटों जाम में फंसने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। इस जाम से लोगों को निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने हाल ही में एक सर्वे कराया था। जिसमें खुलासा हुआ कि शहर में 24 ऐसे स्‍थान हैं, जहां पर सुबह 9 बजे से लेकर देर रात एक बजे तक जाम की स्थिति रहती है। जिसकी वजह से इन जगहों पर काम करने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को देर रात तक कार्य करना पड़ता है। अब पुलिस इन सभी जगहों को जाम मुक्‍त करने के लिए नए सिरे से प्‍लान बनाने में जुटी है। प्‍लान के अनुसार ट्रैफिक पुलिस ने अपनी कार्य प्रणाली में भी एक बड़ा परिवर्तन किया है।

बता दें कि पुणे का ट्रैफिक जाम दिन प्रतिदिन भयंकर रुप धारण करता जा रहा है।  इन ट्रैफिक जाम होने वाली जगहों में आए दिन कुछ नए चौक-चौराहों के नाम भी जुड़ रहे हैं। इस जाम की वजह से लोगों का काफी समय बर्बाद होता है। इस समस्‍या से पुलिस कमिश्‍नर को भी अवगत कराया गया था। जिसके बाद पुलिस कमिश्नर ने ऐसी जगहों की पहचान करने का निर्देश दिया था जहां पर सबसे ज्‍यादा जाम लगता है। 

शहर में 24 जगहों को किया गया चिन्हित

ट्रैफिक पुलिस ने अपने सर्वे में सुबह से लेकर मध्‍य रात तक के समय को शामिल किया। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार शहर के सभी प्रमुख चौराहों व रास्‍तों पर मध्य रात्रि तक निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की गई। इस निरीक्षण में 24 ऐसी जगहों को चिन्हित किया गया जहां पर सुबह 9 बजे से लेकर देर रात एक बजे तक वाहनों की भीड़ लगी रहती है। इनमें मुंढवा, कोंढवा, वानवड़ी, हड़पसर, बंडगार्डन, डेक्कन, विश्रामबाग के साथ शहर की कई प्रमुख जगह शामिल है।

तीन शिफ्ट में कामकाज

ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार सर्वे में देर रात तक जाम लगने का अभी जो सबसे बड़ा कारण निकलकर आया है, वह हमारी खुद की कमजोरी है। अधिकारी के अनुसार अभी ट्रैफिक पुलिस के जवान दो शिफ्ट में कार्य करते हैं। देर तक कार्य करने की वजह से वे बाद में थक जाते हैं और लापरवाही बरतने लगते हैं। इसमें सुधार के लिए हमने अपनी कार्य प्रणाली ही बदल दी है। अब ट्रैफिक पुलिस तीन शिफ्ट में कार्य करेगी। पहली शिफ्ट सुबह 7 से दोपहर 2 बजे तक, दूसरी शिफ्ट सुबह 8 से रात 9 बजे (जनरल शिफ्ट) और तीसरी शाम 5 बजे से रात 1 बजे तक की होगी।