लाइव टीवी

Pune Crime News: पुणे में इंस्टाग्राम स्टेटस पर विवाद, पांच नाबालिगों ने किशोर पर किया जानलेवा हमला

Updated Jun 01, 2022 | 19:51 IST

Pune Crime News: सोशल मीडिया दोस्ती बढ़ाने के साथ ही अब विवाद का कारण भी बनता जा रहा है। ताजा उदाहरण सामने आया है पुणे से। यहां एक इंस्टाग्राम स्टेटस पर विवाद के चलते एक किशोर पर उसके ही दोस्तों ने जानलेवा हमला कर डाला। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
पांच नाबालिगों ने एक पर किया जानलेवा हमला (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • छोटे से विवाद के चलते दोस्ती में आई दरार, फिर कर दिया हमला
  • क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए हथियार लहराते हुए भागे आरोपी
  • कुछ हैं स्कूल स्टूडेंट्स तो कुछ हैं स्कूल ड्रॉपआउट

Pune Crime News: पुणे में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ किशोरों ने एक नाबालिग पर सिर्फ इसलिए जानलेवा हमला कर डाला, क्योंकि उन्हें उसका इंस्टाग्राम स्टेटस पसंद नहीं आया था। बताया जा रहा है कि पीड़ित नाबालिग ने अपने स्टेटस पर कोई कंटेंट लगाया था, जिसपर  किशोरों को आपत्तियां थीं। 

विवाद इतना बढ़ा कि उन्होंने पीड़ित पर सरेआम धारदार हथियार से हमला कर डाला। इतना ही नहीं क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से सभी हथियारों को लहराते हुए मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर तीनों को हिरासत में ले लिया है।  

एटीएम पर जाते समय किया जानलेवा हमला 

सिंहगढ़ रोड पुलिस ने बताया कि मामला रविवार का है। यहां वडगांव बुद्रुक में छह किशोरों ने दिन दहाड़े एक नाबालिग पर जानलेवा हमला कर डाला। वारदात के वक्त पीड़ित एटीएम जा रहा था, इसी दौरान उसपर हमला किया गया। हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया है। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी, हालांकि तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर लिया हिरासत में

पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया और उसके परिजनों को सूचना दी। बाद में पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार पीड़ित नाबालिग ने अपने इंस्टाग्राम स्टेटस पर जो कंटेंट लगाया था, आरोपियों को उससे एतराज था। यही स्टेटस विवाद का कारण बना और सबक सिखाने के लिए तीनों आरोपियों ने नाबालिग पर हमला बोल दिया।  

स्टेटस को चुनौती समझ बैठे आरोपी 

पुलिस ने बताया कि पीड़ित और हमलावर एक ही इलाके में रहते हैं। उनमें से कुछ स्कूल स्टूडेंट हैं तो कुछ स्कूल ड्रॉपआउट हैं। सभी मजदूर वर्ग से हैं। पीड़ित के पिता क्रेन के मालिक हैं। पीड़ित के पिता ने बताया कि उनका बेटा आरोपियों से नियमित रूप से सोशल मीडिया पर चैट करता था। पिछले दिनों किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसके कारण ही पीड़ित ने स्टेटस लगाया था। इसे चुनौती समझते हुए आरोपियों ने उसपर हमला कर डाला। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने अपने घरों और आस पड़ोस से ही धारदार हथियार ए​कत्रित किए थे। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।