लाइव टीवी

Pune Crime: पुणे में नहीं रुक रही सफेद जहर की तस्करी, तंजानिया के दो नागरिकों को लाखों की कोकीन के साथ पकड़ा

Updated Jul 01, 2022 | 20:00 IST

Pune Crime: कोकिन के साथ गिरफ्तार किए गए दोनों नागरिक अफ्रीकी महाद्वीप के तंजानिया मूल के निवासी हैं। जिनकी पहचान अबुल्ला रमदानी अब्बाला (46) व राजाबू हरीरी सालेहे (47) के तौर पर हुई है। पुलिस को आरोपी राजाबू से 22.710 मिग्रा व रमदानी से 7.710 मिग्रा कोकिन मिली।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
पुणे में कोकीन के साथ पकड़े गए तंजानिया के ​नगारिक (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • दो विदेशी नागरिकों के पास 29.830 मिलीग्राम कोकिन मिली
  • कोकिन की इस समय बाजार में कीमत करीब साढे़ 4 लाख रूपए
  • पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों आरोपी तंजानिया मूल के

Pune Cocaine Smuggling News: पंजाब के बाद अब महाराष्ट्र का पुणे नशे की जद में आ रहा है। नशे के सौदागर यहां पर अपने पांव पसार रहे हैं। पुणे क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स सेल व पुलिस की ओर से मादक पदार्थों की प्रभावी रोकथाम व तस्करों पर नकेल कसने के लिए चलाए गए अभियान के तहत दो विदेशी नागरिकों को कोकिन सहित गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। मामले का खुलासा पुलिस की ओर से प्रेसवार्ता में किया गया। एंटी नारकोटिक्स सेल के विनायक गायकवाड़ ने बताया कि टीम को विदेशी नागरिकों के मादक पदार्थों को केरी कर तस्करी के लिए ने जाए जाने की सूचना मिली। इस पर टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

इसके बाद दो विदेशी नागरिकों को शहर के धर्मावत पेट्रोल पंप इलाके के पास बाइक पर सवार होकर जाते समय पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों की तलाशी लेने पर करीब 4 लाख कीमत की 29.830 मिलीग्राम कोकिन मिली। इसके अलावा टीम के दोनों आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, इलेक्ट्रोनिक कांटा, बाइक व अन्य सामान मिला। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने  दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत शहर के कोंढवा थाने में मामला दर्ज किया है। 

तंजानिया मूल के हैं दोनों आरोपी

पुलिस के मुताबिक कोकिन के साथ गिरफ्तार किए गए दोनों नागरिक अफ्रीकी महाद्वीप के तंजानिया मूल के निवासी हैं। जिनकी पहचान अबुल्ला रमदानी अब्बाला (46) व राजाबू हरीरी सालेहे (47) के तौर पर हुई है। पुलिस को आरोपी राजाबू से 22.710 मिग्रा व रमदानी से 7.710 मिग्रा कोकिन मिली। वर्तमान में दोनों पुणे के उंदरी क्षेत्र के वीटीपी इलाके में रहते हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से मिली कोकिन की इस समय बाजार में कीमत करीब साढे़ 4 लाख रूपए है।

एक आरोपी पर पहले से मामला दर्ज

पुलिस की एंटी नारकोटिक्स कार्रवाई के बाद ये तथ्य भी उभर कर सामने आया है कि आरोपी अबुल्ला रमदानी अब्बाला की क्राइम हिस्ट्री रही है। यह दो साल पहले भी भारत आया था। इसके बाद इसे मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके खिलाफ मुंबई के डोंगरी पुलिस थाने में आरएनडीपी एक्ट में मामला दर्ज है।