लाइव टीवी

Ranchi Road Accident Death: रांची में बारिश बनी जान की दुश्मन, सरकारी तीन कर्मचारियों की हादसे में मौत

Updated May 25, 2022 | 17:25 IST

Ranchi Road Accident Death: राजधानी में सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों सरकारी कर्मचारी थे। इनकी शिनाख्त होने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
रांची में सड़क हादसे में तीन की मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र अंतर्गत मक्का मुख्य सड़क पर हुआ हादसा
  • मृतकों में 22 साल का एक युवक भी शामिल
  • दुर्घटना में एक घायल शख्स का चल रहा इलाज

Ranchi Road Accident Death: रांची में पंचायत चुनाव की ड्यूटी से लौट रहे तीन कर्मचारियों की मौत हो गई। सड़क दुर्घटना में तीनों ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि चौथे कर्मचारी का इलाज चल रहा है। मंगलवार की देर रात 12:15 बारिश होने की वजह से बोलेरो कार के चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसकी वजह से वाहन पेड़ से जा टकराया।

घटना जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र की मक्का मुख्य सड़क की है। इस पर बोलेरो (JH 01 EN 0756) पेड़ से जा टकराई। वाहन में चार लोग सवार थे। पेड़ से टकराने की वजह से वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए हैं। वहीं इतनी जोरदार आवाज हुई की आसपास के लोग वहां इकट्ठा हो गए।    

सूचना पर पहुंची पुलिस, परिजनों को दी जानकारी

स्थानीय लोगों ने घायल को वाहन से निकाला। इसके बाद स्थानीय थाने में सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस तत्काल वहां पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती करवाया। वहीं, तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। इसके बाद सभी के परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है। 

इन लोगों की गई जान

मृतकों में सीसीएल कर्मचारी 45 वर्षीय परमीट मुंडा, 22 वर्षीय सूरज मुंडा और 47 वर्षीय सावना उरांव शामिल हैं। तीनों खलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मानकी के रहने वाले थे। बुधवार की सुबह थाने में कागजी कार्यवाही पूरी की गई। थाने में मृतकों के परिजन कृष्णा मुंडा, सोनू उरांव, सीमा देवी, जयलाल मुंडा, मनोज मुंडा, बिरसा मुंडा, विश्वनाथ मुंडा, अशोक मुंडा आदि पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि बारिश होने की वजह से सड़क पर चालक को कुछ स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। जबकि उसकी स्पीड काफी अधिक थी, जिस कारण से गाड़ी पेड़ से जा टकराई। तीनों शव को उसके परिजन ले गए। मृतकों के परिजनों ने किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं करवाया है।