लाइव टीवी

Ranchi Tourist Places: अब रांची झील बनेगी पर्यटन हब, झील में बोटिंग का भी मिलेगा मजा, 2 महीने में होगा कायाकल्प

Updated May 25, 2022 | 11:02 IST

Ranchi Tourist Places: राजधानी की हृदयस्थली स्थित रांची झील अब पर्यटन हब बनेगा। इसके सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। झील परिसर करोड़ों रुपए से जल्द खूबसूरत बनकर तैयार हो जाएगा।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
रांची झील की बदल रही सूरत
मुख्य बातें
  • नगर निगम 4.75 करोड़ रुपए से झील का करा रहा सौंदर्यीकरण
  • झील परिसर में वॉकिंग ट्रैक, लाइटिंग, ओपेन एयर थिएटर बनाया जा रहा
  • झील में नहीं गिरेगा नाले का पानी

Ranchi Tourist Places: रांची झील (बड़ा तालाब) में शहरवासी सैर कर सकेंगे। अब पर्यटक अपने परिवार और दोस्तों के साथ यहां पिकनिक मना पाएंगे। इस झील में अब नाले का पानी नहीं गिरेगा। पूरे झील परिसर का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। यह काम अगले दो महीने में पूरा हो जाएगा। नगर निगम इस काम पर 4.75 करोड़ रुपए खर्च कर रहा है। झील परिसर में फिलहाल वॉकिंग ट्रैक, लाइटिंग, ओपेन एयर थिएटर, लैंड स्केपिंग और गार्डन बनवाया जा रहा है।   

आर्किटेक्ट राजीव चड्डा ने बताया कि जुलाई अंत तक झील की सूरत बदल जाएगी। नाले का पानी झील में नहीं गिरे, उसके लिए सेवा सदन अस्पताल के सामने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनवाया जा रहा है। इसे जालंधन की कंपनी बना ही है। वह अगले तीन महीने में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम पूरा कर लेगी। 

2.15 किलोमीटर का होगा वॉक-वे

रांची झील के आसपास घनी आबादी है, लेकिन इस क्षेत्र में मैदान नहीं है। इस कारण लोगों को सुबह टहलने में दिक्कत होती है। इस इलाके के लोग सुबह टहलने के लिए हरमू हाउसिंग कॉलोनी या मोरहाबादी मैदान जाते हैं। अब झील में 2.15 किलोमीटर लंबा वॉक-वे बनने से लोगों को दूसरे इलाके में टहलने के लिए नहीं जाना पड़ेगा। झील के चारों ओर बने वॉक-वे पर लोग सुबह-शाम टहल सकेंगे। 

कैफेटेरिया भी खोला जाएगा

इस झील में बहुत जल्द बोटिंग की भी शुरुआत की जाएगी। इसको लेकर नगर निगम ने तैयारी भी शुरू कर दी है। निजी एजेंसी के माध्यम से झील में बोटिंग की शुरुआत कराई जाएगी। इसके अलावा कैफेटेरिया भी खोला जाएगा। हालांकि अभी सौंदर्यीकरण का काम पूरा कराने पर जोर है। दूसरे फेज में बोटिंग और कैफेटेरिया का काम कराया जाएगा। 

परिजनों के साथ घूम सकेंगे लोग

इस बारे में नगर निगम के आयुक्त मुकेश कुमार ने बताया कि रांची झील यानी बड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण का काम अंतिम चरण में है। दो महीने के भीतर सौंदर्यीकरण पूरा हो जाएगा। उसके बाद लोग अपने परिवार के साथ यहां घूम सकेंगे।