लाइव टीवी

Dowry Murder in Ranchi: रांची में दहेज के लिए बलि चढ़ी एक विवाहिता, कुएं में शव मिलने पर पीहर पक्ष ने लगाए आरोप

Updated Sep 03, 2022 | 20:19 IST

Ranchi Police: रांची में दहेज के लिए हत्या का दौर नहीं थम रहा है। आए दिन दहेज लोभियों द्वारा महिला की हत्या कर दी जा रही है। ताजा मामला मांडर थाना क्षेत्र का है। यहां महिला की लाश कुएं से बरामद हुई है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
दहेज के लिए महिला की हत्या कर शव कुएं में फेंका
मुख्य बातें
  • मृत महिला की पहचान प्रीति देवी के रूप में की गई
  • दहेज के लिए हत्या का आरोप पति पर
  • पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कर रही छापेमारी

Ranchi Crime News : पुलिस और प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद दहेज प्रथा और उत्पीड़न के मामलों में वृद्धि हो रही है। ससुराल पक्ष वाले महिलाओं को मायके से दान-दहेज लाने के लिए दबाव बना रहा है। मायके पक्ष द्वारा असमर्थता जताने पर महिला को प्रताड़ित किया जा रहा है। उसकी हत्या कर दी जा रही है। ऐसी ही घटना रांची जिले के मांडर थाना क्षेत्र में हुई है। यहां महिला की हत्या करने के बाद उसके शव को कुएं में फेंक दिया गया है। 

शनिवार की सुबह महिला का शव कुएं से बरामद हुआ। मृत महिला की पहचान प्रीति देवी के रूप में की गई है। आरोप है कि पति ने दान-दहेज नहीं मिलने पर महिला की हत्या कर उसके शव को कुएं में फेंक दिया है। ग्रामीणों से कॉल पर सूचना मिलने के बाद पुलिस आनन-फानन उक्त स्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

शादी के कुछ दिन बाद से ही कर रहे थे प्रताड़ित

प्रीति के मायके वालों का कहना है कि उन लोगों ने अपनी सामर्थ्य के मुताबिक शादी के समय काफी कुछ दहेज में दिया था। शादी के कुछ दिन बाद से ही प्रीति के ससुराल वाले उसे दहेज को लेकर ताना मारने लगे थे। फिर पति समेत अन्य ससुराल वालों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। वह लोग उसे मायके से रकम एवं कार लाने का दबाव बना रहे थे। जब भी प्रीति इससे इनकार करती थी तो वह लोग उसके साथ मारपीट किया करते थे। 

हत्या को छिपाने के लिए शव कुएं में फेंका

मायके वालों का आरोप है कि प्रीति की हत्या उसके पति ने ही की है। हत्या को छिपाने के लिए उसने बड़ी चालाकी से रात के अंधेरे में शव को कुएं में फेंक दिया, ताकि किसी को कुछ पता नहीं चले। वह तो शनिवार की सुबह ग्रामीणों की नजर कुएं में उतराते शव पर पड़ी और पुलिस को सूचना दे दी गई। इसके बाद शव की शिनाख्त की कोशिश की गई और वह प्रीति का शव निकला। पुलिस का कहना है कि मायके पक्ष के बयान के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पति समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बहुत ही जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।