लाइव टीवी

Ranchi: झारखंड आर्म्ड फोर्स कर्मी ने फांसी लगा कर दी जान, पुलिस कर रही मामले की जांच

Updated May 22, 2022 | 17:55 IST

Ranchi News: राजधानी रांची में झारखंड आर्म्ड फोर्स के एक दफ्तर कर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। आत्महत्या के कारणों का कुछ पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। पुलिस शीघ्र ही किसी नतीजे पर पहुंचेगी।

Loading ...
प्रतीकात्मक तस्वीर
मुख्य बातें
  • मृतक कर्मी और उसकी पत्नी एक ही विभाग में करते हैं काम
  • जैप कर्मी से किसी का नहीं था विवाद
  • पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने बाद स्पष्ट होगा कारण

रांची में आत्महत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामला डोरंडा थाना इलाके का है। डोरंडा स्थित जैप वन में कार्यरत दफ्तर कर्मी ने अपने ही घर में फांसी लगा कर जान दे दी। सुसाइड के कारणों का पता नहीं चल सका है। 40 वर्षीय मृणाल बनर्जी का फंदे से लटकता हुआ शव उनके घर से बरामद किया गया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि इस मामले परिवार की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। अगर कोई शिकायत मिलती है, तो कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही प्रकरण स्पष्ट हो पाएगा।

देर रात लगाई फांसी

40 वर्षीय मृणाल बनर्जी जैप कैंपस में ही रहा करता था। उनकी पत्नी भी जैप में ही नौकरी करती है। मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया है कि रात में वो अपने कमरे में सोने चले गये थे, वो कुछ काम में व्यस्त थी। देर रात जब वो भी कमरे में गई तो उनके पति फांसी के फंदे से झूलते मिले। यह देखकर वह चिल्लाने लगी। आवाज सुन कर आस पास के लोग भी दौड़ कर वहां पहुंचे, लेकिन तब तक उनके पति की मौत हो चुकी थी।

सुसाइड को लेकर उठ रहे सवाल

मृणाल बनर्जी जैप में दफ्तरी के पद पर कई वर्षों से तैनात थे। साथ ही बच्चों को पढ़ाने का काम भी किया करते थे। उनकी पत्नी भी उन्ही के विभाग में कार्यरत थी। दोनों के बीच किसी तरह का तनाव भी नहीं था। इसके बावजूद मृणाल बनर्जी ने क्यों सुसाइड किया यह सवाल है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। मामले में अभी तक परिवार वालों की तरफ से थाने में कोई लिखित आवेदन भी नहीं दिया गया है।

देर रात होने से नहीं हो सका पोस्टमार्टम

रांची के डोरंडा थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि शनिवार की देर रात जैप से सूचना दी गई कि मृणाल बनर्जी नामक व्यक्ति ने अपने ही कमरे मे फांसी लगा ली है। जिसके बाद पुलिस ने जांच के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। देर रात होने की वजह से पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट रूप से समझ में आएगा।