लाइव टीवी

Ghee Recipe: शुद्ध घी पाने के लिए आजमाएं यह तरीका, मलाई में मिलाएं ये चीज तो ज्यादा निकलेगा घी

Updated Jan 23, 2020 | 08:00 IST |

Making ghee from cream: अगर आपको भी मलाई से घी निकालने में परेशानी होती है तो मलाई को कढ़ाई में डालने के बाद उसमें यह एक चीज डालें और फिर देखें कितनी अच्‍छी तरह से घी निकलता है। 

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspInstagram
Ghee Recipe
मुख्य बातें
  • घी कई गुणों से भरपूर होता है जो शरीर को बीमारियों से बचाता है
  • कई बार मलाई से घी निकालने में बहुत परेशानी होती है
  • रोजाना घी का सेवन करने से इम्यूनिटी मजबूत होती है

घी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है। खाने में घी डालने से न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ जाता है बल्कि शरीर भी मजबूत होता है। यही कारण है कि हर घर में घी का सेवन किया जाता है। घी का उपयोग पराठा बनाने के साथ ही मिस्सी रोटी और विभिन्न प्रकार की मिठाइयां बनाने में किया जाता है। सिर्फ इतना ही नहीं देवताओं को प्रसन्न करने और वातावरण को शुद्ध करने के लिए घी से हवन किया जाता है।

वास्तव में घी कई गुणों से भरपूर होता है जो शरीर को बीमारियों से बचाता है। इसमें पर्याप्त मात्रा में एंटीऑक्सिडेंट पाया जाता है और इसमें कोलेस्ट्रॉल की मात्रा कम होती है। रोजाना घी का सेवन करने से इम्यूनिटी मजबूत होती है और यादाश्त भी तेज होती है। घी का उपयोग आंखों की बीमारियों के इलाज में किया जाता है।

 

मलाई से कैसे निकालें ज्यादा घी
घरों में महिलाएं रोजाना दूध से मलाई निकालकर एक बर्तन में रखती हैं। जब ढेर सारी मलाई इकट्ठी हो जाती है तो उसे एक कढ़ाई में गर्म करके घी निकाला जाता है। कई बार मलाई से घी निकालने में बहुत परेशानी होती है और बहुत कम मात्रा में ही घी निकल पाता है। अगर आपको भी मलाई से घी निकालने में परेशानी होती है तो मलाई को कढ़ाई में डालने के बाद उसमें दो चम्मच गेहूं का आटा मिला दें। ऐसा करने से मलाई से अच्छी तरह घी निकल जाता है जिसे छानकर आप डिब्बे में रख सकती हैं।

बचे हुए मिश्रण में चीनी मिलाकर खाएं
कढ़ाई से घी छानने के बाद बचे हुए मिश्रण में चीनी मिलाकर स्वीट डिश के रुप में इस्तेमाल करें। वास्तव में घी निकलने के बाद मलाई जलकर कुरकुरी हो जाती है और उसमें चीनी मिलाने से खाने में यह हलवे की तरह टेस्टी लगती है। साथ ही यह सेहत के लिए भी फायदेमंद होती है।

शुद्ध घी है फायदेमंद
घी के फायदे तब मिलते हैं जब शुद्ध घी का उपयोग किया जाये। बाजार में मिलने वाली घी में मिलावट होता है। इसलिए घी की शुद्धता जांचकर ही खरीदना चाहिए। मार्केट की घी में कई हानिकारक तत्व मिले होते हैं जो सेहत को खराब कर सकते हैं और व्यक्ति बीमारियों की चपेट में आ सकता है। ज्यादातर महिलाएं घर पर ही दूध की मलाई इकट्ठा करके घी बनाती हैं। 

इस उपाय को आजमाने से मलाई से घी पूरी तरह निकल जाता है और आपको घर पर ही शुद्ध घी भी मिल जाता है। घर पर मलाई से घी निकालने का यह आसान तरीका आप दूसरों को भी बता सकती हैं।