लाइव टीवी

UP Police SI Recruitment 2020: योगी सरकार ने खोला पिटारा, यूपी पुलिस में भर्ती होंगे 5623 दरोगा

Updated Mar 03, 2020 | 16:29 IST

UP Police SI Recruitment 2020: योगी सरकार ने पुल‍िस में भर्ती होने की चाहता रखने वाले युवाओं के ल‍िए जल्‍द ही दरोगा भर्ती शुरू करने का फैसला किया है। इस भर्ती के तहत प्रदेश में 5623 दरोगाओं का चयन होगा।

Loading ...
UP Police SI Recruitment 2020

UP Police SI Recruitment 2020: उत्‍तर प्रदेश की योगी सरकार ने पुल‍िस में भर्ती होने की चाहता रखने वाले युवाओं के ल‍िए जल्‍द ही दरोगा भर्ती शुरू करने का फैसला किया है। इस भर्ती के तहत प्रदेश में 5623 दरोगाओं/उप निरीक्षकों का चयन होगा। उत्‍तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्‍नति बोर्ड ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्‍द ही इस सबंध में विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। बोर्ड इसी साल र्मी में लिखित परीक्षा और सर्दी के मौसम में शारीरिक परीक्षा कराने की तैयारी में है। 

उत्‍तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्‍नति बोर्ड के अध्‍यक्ष/डीजी राजकुमार विश्‍वकर्मा ने इस सबंध में एक अखबार को बताया कि डीजीपी मुख्‍यालय से दरोगा के 5623 पदों के लिए हरी झंडी मिल गई है। इस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा कराने के लिए संस्‍था की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्‍द ही यह प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी और विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। 

बता दें कि योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्‍व वाली सरकार का फोकस स्‍मार्ट पुलिसिंग पर है। इसी के तहत कानून व्‍यवस्‍था को तकनीकि रूप से चुस्‍त करने के लिए सरकार नए दरोगाओं को भर्ती करेगी। इतना ही नहीं, सरकार पहले 5623 दरोगाओं की भर्ती करेगी, उसके बाद पुलिस विभाग को सशक्‍त करने के लिहाज से पुरुष/महिला आरक्षी जेल वार्डर के 3638, आरक्षी घुड़सवार के 102, फायरमैन (पुरुष) के 2065 पदों पर चयन की प्रक्रिया भी कर रही है। 

अब तक कुल 137253 पदों पर हुई भर्ती
योगी आदित्‍यनाथ के शासनकाल में पुलिस विभाग के अंतर्गत कुल एक लाख 37 हजार 253 पद भरे गए हैं। इन पदों में 4346 दरोगा, प्‍लाटून कमांडर पीएसी के 194, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के 81, आरक्षी नागरिक पुलिस 88298, आरक्षी पीएसी के 42615, आरक्षी और समकक्ष के 832, लिपिक संवर्ग के 220 और कंप्‍यूटर ऑपरेटर ग्रेड ए के 667 पद शामिल हैं। 

49568 युवा बनेंगे सिपाही
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड पुलिस एवं पीएसी में सिपाही के 49568 पदों  पर होने वाली भर्ती का रिजल्‍ट सोमवार शाम जारी कर दिया। लखनऊ में सोमवार को शाम चार बजे हुई प्रेस कांफ्रेंस में नतीजे जारी किए गए। नतीजों के अनुसार पुरुष अभ्यर्थियों में गाजीपुर के गुलशन कुमार और महिलाओं में हरदोई की अंतिमा सिंह ने टॉप किया।