लाइव टीवी

kanwar yatra Facts : क्या होता है कांवड़ और कितने दिन की होती है यात्रा, जानें दिलचस्प बातें

Updated Jun 22, 2020 | 18:34 IST

Kanwar Yatra : श्रावण मास में भक्त कांवड़ में गंगाजल लाते हैं और उसे स्थानीय शिव मंदिर में चढ़ाते हैं। लेकिन क्या आप कांवड़ और कांवड़ यात्रा के महत्व को जाने हैं, नहीं तो आइए इससे जुड़ी कई रोचक बातें जानें।

Loading ...
Things related to Kanvad Yatra, कांवड़ यात्रा से जुड़े तथ्य
मुख्य बातें
  • कांवड़िए गंगाजल लेकर सीधे अपने स्थानीय मंदिर जाते हैं
  • शिवजी को जल चढ़ाने के बाद ही घर वापस जाया जा सकता है
  • कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़‍िये व्रत के नियमों का पालन करते हैं

श्रावण मास शिवजी से जुड़ा होता है और हिंदू धर्म में इस मास का विशेष महत्व होता है। श्रावण मास में भगवान शिव की पूजा का विशेष विधान होता है और उनके लिए भक्त दूर-दूर से कांवड़ में गंगा जल भर कर लाते हैं और गंगाजल से शिवजी का अभिषेक करते हैं। श्रावण मास में शिवजी को जल चढ़ाने के बारे में तो सभी जानते हैं, लेकिन क्या आप कांवड़ की पवित्रता और महत्व से जुड़ी बातों को जानते हैं। कांवड़ क्या है और ये कांवड़ यात्रा कब शुरू होती है, आदि से जुड़ी कई ऐसी जानकारी है जिसे आम लोग नहीं जानते। तो आइए आज कांवड़ और कांवड़ से जुड़ी यात्रा के बारे में जानें।

बांस से बना होता है कांवड़ 

कांवड़ बांस से बना होता है। बांस शुद्ध माना जाता है। इस बांस के दोनो छोर पर कलश में कांवड़िए गंगाजल भर कर चलते हैं। कांवर को कई बार विशेष रूप से सजाया भी जाता है। ये कांवड़ कभी भी जमीन पर नहीं रखा जाता है। क्योंकि जमीन पर रखते ही ये खंडित हो जाता है। इसलिए कांवरिये, अधिकतर कांवर को कंधे पर या किसी जगह पर टांग कर रखते हैं।

इन स्थानों से गंगाजल लेने जाते हैं कांवड़‍िये

हिंदू तीर्थ स्थानों से ही गंगाजल लेने कांवड़िए आते हैं। हरिद्वार, गौमुख व गंगोत्री, सुल्तानगंज में गंगा नदी, काशी विश्वनाथ, बैद्यनाथ, नीलकंठ और देवघर आदि स्थानों से कांवरिये गंगाजल भरकर अपने-अपने स्थानीय शिव मंदिरों में चढ़ाते हैं।

इस दिन से शुरू होती है कांवड़ यात्रा

कांवड़ यात्रा सावन माह के प्रथम दिन अर्थात प्रतिपदा से ही प्रारंभ हो जाती है और सावन की शिवरात्री तक चलती है। बता दें कि कांवरिये अपने स्थानीय दूरी के हिसाब से अपनी यात्रा शुरू करते हैं। क्योंकि कंवड़ियों को यात्रा पैदल ही करनी होती है, इसलिए वह निर्धारित समय पर पहुंचने और लौटने का समय खुद ही तय करते हैं। इसलिए अलग-अलग समय पर कांवड़िए अपनी यात्राएं करते हैं।

जानें, कांवड़ यात्रा से जुड़े तथ्य और नियम

  1. कांवड़ यात्रा के दौरान कंवरिये व्रत का पालन करते हैं। इस दौरान अन्न और नमक का सेवन नहीं किया जाता है।
  2. यदि कंधे पर कांवड़ है तो कांवड़िए जल का ग्रहण नहीं कर सकते। ऐसा करने से कांवर में रखा गंगा जल जूठा माना जाता है।
  3. यात्रा के दौरान कांवड़ कभी जमीन पर नहीं रखा जा सकता। कांवड़ का हमेशा टांग कर रखा जाता है।
  4. कांवड़िए बिना शिवजी को जल चढ़ाए वापस घर नहीं जा सकते। गंगाजल चढाने के बाद ही घर जाया जाता है।
  5. सावन मास में गंगाजल शिवरात्रि के दिन अर्पित करने का विशेष महत्व होता है।
  6. कांवड़ यात्रा यदि मनौती के साथ की जा रही है तो नंगे पांव की जाती है।
  7. कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़िए आपस में एक दूसरे को भोले नाम से ही बुलाते हैं, कोई किसी का नाम नहीं लेता।

कांवड़ यात्रा का इतिहास

कांवड़ यात्रा समुद्र के मंथन से जुड़ी मानी गई है। कहा जाता है जब समुद्र मंथन के दौरान भगवान शिव ने विष ग्रहण कर लिया तो वे नकारात्मक ऊर्जा से पीड़ित हो गए। तब त्रेता युग में रावण ने शिव का ध्यान कर कांवड़ में गंगाजल भर कर लाया और उन पर अर्पित किया। इससे शिवजी नकारात्मक ऊर्जा के प्रभाव से बाहर आ गए थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | अध्यात्म (Spirituality News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल