लाइव टीवी

2021 Surya Grahan : 2021 में जून और द‍िसंबर में लगेंगे कुल 2 सूर्य ग्रहण, देखें तारीख, समय और सूतक काल

Updated Dec 29, 2020 | 11:41 IST

Grahan 2021 : साल 2021 में दो सूर्य ग्रहण लगेंगे। पहला सूर्य ग्रहण जून में लगेगा और दूसरा साल के आख‍िरी महीने यानी द‍िसंबर में। यहां जानें दोनों सूर्य ग्रहण की तारीख, समय और सूत‍क काल के बारे में।

Loading ...
Surya Grahan 2021
मुख्य बातें
  • साल 2021 में जून और दिसंबर के महीने में लगेगा सूर्य ग्रहण
  • सूतक काल में नहीं किया जाता है कोई भी शुभ काम
  • सूर्य ग्रहण की जानकारी देते हुए वैज्ञानिकों ने कहा 2021 में भारत में नहीं दिखाई देगा सूर्य ग्रहण

भारतीय संस्कृति में सूर्य ग्रहण को अशुभ माना जाता है और यह कहा जाता है कि सूतक काल में कोई भी शुभ कार्य नहीं करना चाहिए और ना ही किसी नई वस्तु का आगमन करना चाहिए। हिंदू परंपराओं में जहां सूर्य ग्रहण को आस्था से जोड़कर देखा जाता है वहीं इसके उलट वैज्ञानिक सूर्य ग्रहण को महज एक खगोलीय घटना मानते हैं और यह कहते हैं कि सूर्य ग्रहण के दौरान निकलने वाली सूर्य की किरणें मनुष्यों के लिए हानिकारक होती है। इंसानों के आंखों पर और उसके त्वचा पर सूर्य की किरणों का बुरा प्रभाव पड़ सकता है। बुरे प्रभावों से बचने के लिए वैज्ञानिक और ज्योतिष अपने-अपने उपाय बताते हैं और लोग अपनी सुविधा अनुसार उन उपायों का पालन करते हैं। 

सूर्य ग्रहण कब लगता है (what is solar eclipse)

जब सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा एक सीध में आ जाते हैं और चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के बीच से गुजरता है इस खगोलीय घटना को सूर्य ग्रहण कहा जाता है। इस दृश्य को देखने के लिए देश-विदेश में टेलिस्कोप लगाए जाते हैं और सुरक्षा के साथ लोग इस दृश्य का आनंद लेते हैं। 

2021 में सूर्य ग्रहण कब लगेगा (Surya Grahan in 2021)

वैज्ञानिक और ज्योतिष गणना के अनुसार, 2021 में दो सूर्य ग्रहण लगेंगे। सबसे पहले 10 जून को वलयाकार सूर्य ग्रहण लगेगा। उसके बाद साल के आखिरी महीने में 4 दिसंबर को दूसरा सूर्य ग्रहण लगेगा। 4 दिसंबर को लगने वाला सूर्य ग्रहण पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा। इस बात की जानकारी मिल रही है कि भारत में लोग इस सूर्य ग्रहण को नहीं देख पाएंगे। 

साल 2021 के पहले सूर्य ग्रहण की तिथि और समय (Surya Grahan in June 2021 Date and time)

सूर्य ग्रहण की तिथि- 10 जून 2021

सूर्य ग्रहण का समय- दोपहर के 13:42 से लेकर शाम के 18:41 तक

खबरों के अनुसार नॉर्थ अमेरिका, यूरोप, एशिया, कनाडा, ग्रीनलैंड और रूस में सूर्य ग्रहण दिखाई देगा 

साल 2021 के दूसरे सूर्य ग्रहण की तिथि और समय (Surya Grahan in December 2021 Date and time)

सूर्य ग्रहण की तिथि- 4 दिसंबर 2021

सूर्य ग्रहण का समय- सुबह 10:59 से लेकर दोपहर के 15:07 तक

अंटार्टिका, दक्षिण अफ्रीका, अटलांटिक, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अमेरिका में लोग सूर्य ग्रहण का लुफ्त उठा सकते हैं। 

सूतक काल

सबसे पहले यह जान लें कि सूतक काल कब से कब तक लगता है, सूर्य ग्रहण शुरू होने से 12 घंटे पहले से सूतक काल ग्रहण लग जाता है जो सूर्य ग्रहण के साथ खत्म होता है। हालांकि भारत में 2021 में दोनों ही सूर्य ग्रहण दिखाई नहीं देंगे इसीलिए यह कहा जा रहा है कि सूतक काल भारत में मान्य नहीं होगा।

क्या है सूर्य ग्रहण का महत्व?

वैज्ञानिक सूर्य ग्रहण को महज एक खगोलीय घटना करार देते हैं लेकिन भारतीय संस्कृति में सूर्य ग्रहण को अशुभ माना जाता है। जब सूर्य ग्रहण लगता है तो मंदिरों के कपाट बंद कर दिए जाते हैं और सभी धार्मिक कार्यों को रोक दिया जाता है। सूर्य ग्रहण के दौरान लोग शुभ या नई शुरुआत नहीं करते हैं ना ही अपने घरों में कोई नई चीज लाते हैं। हिंदू मान्यताओं के अनुसार सूर्य ग्रहण के प्रभाव से बचने के लिए पवित्र नदियों में स्नान करना चाहिए। जब सूर्य ग्रहण लगता है तो लोग घर में मौजूद अनाज या बचे हुए खानों को ढक देते हैं और उसमें तुलसी का पत्ता रख देते हैं। इस काल में घरों में खाना नहीं बनता है और ना ही कुछ खाया जाता है। जब सूर्य ग्रहण समाप्त हो जाता है तब लोग अपने घरों के अंदर व घरों के बाहर गंगाजल छिड़क कर हर एक चीज को शुद्ध कर देते हैं ताकि ग्रहण की अशुभ छाया हर एक चीज के ऊपर से हट जाए। 

सूर्य ग्रहण के दौरान किन सावधानियों को बरतना चाहिए?

सूर्य ग्रहण के दौरान सूर्य की किरणों से बचिए। सूर्य ग्रहण के दौरान गर्भवती महिलाओं को विशेष रुप से ध्यान देने की जरूरत है। इस काल में किसी भी गर्भवती महिला को चाकू, छुरी या किसी नुकीली चीज का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। मान्यताओं के अनुसार इनका इस्तेमाल करने से गर्भवती महिलाओं के गर्भ में पल रहे बच्चों के ऊपर बुरा प्रभाव पड़ता है। हिंदू संस्कृति के अनुसार सूर्य ग्रहण समाप्त होने के बाद स्नान, दान और मंत्र जाप किया जाता है। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | अध्यात्म (Spirituality News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल