लाइव टीवी

टोक्‍यो ओलंपिक से पहले बड़ा बदलाव, किरेन रीजीजू की जगह खेल मंत्री बने अनुराग ठाकुर

Updated Jul 08, 2021 | 08:26 IST

Anurag Thakur Sports Minister: नरेंद्र मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में बुधवार को विस्‍तार किया गया। इसमें अनुराग ठाकुर को नया खेल मंत्री बनाया गया, जिन्‍होंने किरेन रीजीजू की जगह ली।

Loading ...
अनुराग ठाकुर
मुख्य बातें
  • अनुराग ठाकुर देश के नए खेलमंत्री बने
  • अनुराग ठाकुर ने किरेन रीजीजू की जगह ली
  • अनुराग ठाकुर पहले बीसीसीआई अध्‍यक्ष रह चुके हैं

नई दिल्‍ली: टोक्यो ओलंपिक शुरू होने से महज दो हफ्ते पहले अनुराग ठाकुर को बुधवार को किरेन रीजीजू की जगह देश का खेल मंत्री बनाया गया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व अध्यक्ष ठाकुर को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के साथ खेल मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गयी।

ठाकुर (46 वर्षीय) मई 2016 और फरवरी 2017 के बीच बीसीसीआई अध्यक्ष थे। इससे पहले वह बोर्ड के सचिव और हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) के अध्यक्ष भी थे। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद ठाकुर बुधवार को कैबिनेट फेरबदल से पहले निर्मला सीतारमण के अंतर्गत राज्य वित्त एवं कारपोरेट मामलों के मंत्री के तौर पर काम कर रहे थे। उनके भाई अरूण धूमल इस समय बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष हैं।

बता दें कि मोदी सरकार में बड़ा बदलाव हो गया है। 12 मंत्रियों की छुट्टी हो गई है, जबकि 36 नए चेहरे मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं। वहीं 7 मंत्रियों का प्रमोशन हुआ है। बुधवार शाम को 43 मंत्रियों ने शपथ ली। इसके बाद रात तक सभी मंत्रियों को उनके मंत्रालय बांट दिए गए। कई मंत्रियों के मंत्रालय में फेरबदल भी किए गए हैं।