लाइव टीवी

लॉकडाउन में मॉडल को बुलाया घर, हद पार करने पर 'कोरोना संक्रमित' दिग्गज फुटबॉलर गिरफ्तार

Updated May 18, 2020 | 21:53 IST

Callum Hudson arrested: इंग्लैंड के दिग्गज क्लब चेल्सी के फुटबॉलर कैलम हडसन को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर लॉकडाउन में मॉडल को घर बुलाने का आरोप है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP, File Image
कैलम हडसन

लंदन: कोरोना महामारी के प्रकोप की गिरफ्त में तकरीबन सभी देश हैं। अमेरिका के बाद यूरोप इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। इंग्लैंड में भी इस वायरस ने कहर बरपाया है। हाल ही में इंग्लैंड में कुछ रियायतें दी गई हैं लेकिन लॉकडाउन और उसके कुछ नियम अब भी कायम हैं। ऐसी स्थिति में किसी रिश्तेदार या मेहमान को घर बुलाना जुर्म के बराबर है लेकिन एक धुरंधर फुटबॉलर ने इसको हल्के में लिया और अब उसे खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। 

हम बात कर रहे हैं इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के दिग्गज फुटबॉल क्लब चेल्सी के खिलाड़ी कैलम हडसन ओडोई की। इस खिलाड़ी को सोमवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हडसन को वेस्ट लंदन में उनके घर से उन्हें हिरासत में लिया है। दरअसल हडसन पर आरोप है कि उन्होंने एक महिला मॉडल को लॉकडाउन के दौरान अपने घर में बुलाया था। उन पर लॉकडाउन के दौरान सामाजिक दूरी का उल्लंघन करने का आरोप भी है।

स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक हडसन ने इस महिला मॉडल को उनके घर आने के लिए कहा था और फुटबॉलर ने इसके लिए उन्हें एक कार भी भेजी थी। द सन ने पुलिस के हवाले से कहा, 'पुलिस और लंदन एम्बुलेंस को रविवार तड़के तीन बजकर 53 मिनट पर एक अज्ञात महिला के बारे में जानकारी दी गई।'

कोरोना पॉजिटिव थे हडसन 

कैलम हडसन कोरोनावायरस से पॉजिटिव पाए जाने वाले इंग्लैंड के पहले फुटबालर हैं। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा था कि पॉजिटिव होने के कुछ दिनों के बाद ही इससे ठीक हो गए हैं। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि वो कोरोना से पूरी तरह ठीक हो गए हैं या नहीं।

इंग्लैंड में कोरोना का प्रकोप

इंग्लैंड में सरकार द्वारा कुछ रियायतें दी गईं जिसमें लोगों के बाहर घूमने की आजादी भी शामिल है जबकि पुलिस को ये अधिकार भी नहीं मिले हैं कि वे सार्वजनिक जगह पर किसी को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने या मास्क लगाने पर मजबूर कर सकें। ऐसी स्थिति तब है जब इंग्लैंड में अब तक तकरीबन ढाई लाख लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। जिसमें से तकरीबन 35 हजार लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं।