लाइव टीवी

CWG Closing Ceremony: अलविदा बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022, रंगारंग समारोह के साथ खत्म हुआ खेलों का महामेला

Updated Aug 09, 2022 | 03:23 IST

Birmingham Commonwealth Games 2022 Closing Ceremony: कॉमवेल्‍थ गेम्‍स 2022 का समापन समारोह बर्मिंघम के एलेक्जेंडर स्टेडियम आयोजित किया गया। समापन समारोह में विभिन्न कलाकारों ने दिलकश परफॉर्मंस दीं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 क्लोजिंग सेरेमनी
मुख्य बातें
  • बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022
  • सोमवार को गेम्स का समापन हो गया
  • 5 हजार से ज्यादा एथलीट ने लिया हिस्सा

बर्मिंघम कॉमवेल्‍थ गेम्‍स 2022 का रविवार (8 अगस्त) को समापन हो गया। रंगारंग समापन समारोह बर्मिंघम शहर के एलेक्जेंडर स्टेडियम आयोजित किया गया, जो काफी मनमोहक रहा। उद्धाटन समारोह की तरह समापन समारोह में भी बर्मिंघम के इतिहास के अलग-अलग पहलुओं का दिखाया गया। इसमें औद्योगिक क्रांति के दौर और विभिन्न संस्कृतियों के समागम की झलक पेश की गई। ब्रिटेन के प्रिंस एडवर्ड ने 22वें गेम्स का समापन की घोषणा की। बता दें कि बर्मिंघम में हुए गेम्स 11 दिनों तक चले, जिसमें 72 देशों के 5 हजार से ज्यादा एथलीट ने हिस्सा लिया।

कलाकारों ने दीं दिलकश परफॉर्मंस

समापन समारोह में कई मशहूर कलाकारों ने दिलकश म्यूजिकल परफॉर्मंस दीं। इस लिस्ट में पॉप बैंड 40, सिंगर अपाचे इंडियन, पंजाबी एमसी और डेक्सी जैसे कलाकार शामिल हैं। पंजाबी एमसी के गाने 'मुंडियां तू बचके रही' पर लोग जमकर थिरके। बर्मिंघम की प्रसिद्ध रॉक स्टार ओजी ओस्बौर्ने ने भी अपना जलवा बिखेरा और स्टेडियम में मौजूदा लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके अलावा सिंगर जोर्जा स्मिथ ने भी समापन समारोह में एक बेजोड़ परफॉर्मंस दी। मालूम हो कि जोर्जा 11 साल की उम्र से ही अपने गाने खुद लिखती हैं।

पदक तालिका में चौथे स्थान पर भारत

ऑस्ट्रेलिया ने बर्मिंघम कॉमवेल्थ गेम्स में सर्वाधिक 178 पदक हासिल किए और पहले स्थान पर रहा। ऑस्ट्रेलिया ने 67 गोल्ड, 57 सिल्वर और 54 ब्रॉन्ज पर कब्जा जमाया। इंग्लैंड 176 मेडल के साथ दूसरे स्थान पर रहा। उसने 57 स्वर्ण, 66 रजत और 53 कांस्य अपने नाम किए। कनाडा ने 92 मेडल अपनी झोली में डाले। उसने 26 गोल्ड, 32 सिल्वर और 34 ब्रॉन्ज जीते। वहीं, भारत 61 पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा। भारत ने 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य जीते। भारत ने 18वीं बार इस खेल में शिरकत की। भारतीय खिलाड़ियों ने 1930, 1950, 1962 और 1986 में कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा नहीं लिया था।

अगला कॉमनवेल्थ गेम्स कहां होगा?

समापन समारोह में राष्ट्रमंडल ध्वज को ऑस्ट्रेलिया को सौंप दिया गया, जो बर्मिंघम खेलों के अंत का प्रतीक है। कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स का अगला पड़ाव अब ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया होगा, जहां 2026 में इन खेलों का आयोजन किया जाएगा। यह 23वें राष्ट्रमंडल खेल होंगे। ऑस्ट्रेलिया में इससे पहले साल 2018 में गोल्ड कोस्ट में 21वें राष्ट्रमंडल खेल आयोजित किए गए थे।