लाइव टीवी

Commonwealth Games 2022: राष्ट्रमंडल खेलों के छठे दिन ऐसा रहा भारतीय दल का प्रदर्शन, जीते पांच पदक 

Updated Aug 04, 2022 | 07:00 IST

Commonwealth Games 2022 Day Six India's Performence: भारतीय दल ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के छठे दिन पांच मेडल जीते। छठे दिन भारत को कोई स्वर्णिम सफलता नहीं मिली।

Loading ...
राष्ट्रमंडल खेल 2022
मुख्य बातें
  • भारत ने बुधवार को अपने नाम किए कुल पांच पदक
  • भारोत्तोलन में बुधवार को भारतीय दल ने अपने नाम किए दो पदक
  • सौरव घोषाल ने भारत के लिए स्क्वाश में भारत के लिए पहली बार एकल पदक जीता

बर्मिंघम: भारत के लिए बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों का छठा दिन मिला जुला रहा। भारतीय खिलाड़ियों को जहां दिन में कुल पांच पदक मिले। जिसमें एक रजत और चार कांस्य पदक शामिल थे। भारत के लिए तूलिका मान ने जूड़ो में रजत पदक जीता। वहीं सौरव घोषाल स्क्वाश की एक स्पर्धा में और तेजस्विन शंकर ऊंची कूद में राष्ट्रंमंडल खेलों में पदक जीतने वाले पहले खिलाड़ी मिले। भारोत्तोलन में लवप्रीत सिंह ने और गुरदीप सिंह ने कांस्य पदक जीते। कई खिलाड़ियों ने अपने पदक भी बुधवार को पक्के किए। जानिए राष्ट्रमंडल खेलों के छठे दिन कैसा रहा भारतीय दल का विभिन्न स्पर्धाओं में प्रदर्शन।

जूडो: महिला जूडो खिलाड़ी तूलिका ने महिलाओं की 78 किग्रा से ज्यादा भारवर्ग में रजत पदक जीता। यह भारत का जूडो में मौजूदा राष्ट्रमंडल खेलों में तीसरा पदक है। 

हॉकी: 
भारतीय महिला हॉकी टीम ने बुधवार को कनाडा को 3-2 के अंतर से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। करो या मरो के मुकाबले में जीत के साथ ही भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बुधवार को कनाडा को 8-0 के अंतर से रौंदकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।

महिला टी20 क्रिकेट: 
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बुधवार को बारबाडोस की टीम को 100 रन के बड़े अंतर से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने जेमिमा रोड्रिगेज की 54 और शेफाली वर्मा की 43 रन की पारियों की बदौलत 4 विकेट पर 162 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद जीत के लिए 163 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रेणुका सिंह की घातक गेंदबाजी के सामने बारबाडोस की टीम 20 ओवर में केवल 62/8 रन बना सकी। सेमीफाइनल में भारत की भिड़ंत न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के विजेता से होगी। 

ऊंची कूद:
तेजस्विन शंकर ने राष्ट्रमंडल खेलों की एथलेटिक्स स्पर्धा में बुधवार को भारत का खाता खोलते हुए पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। नेशनल रिकॉर्ड होल्डर शंकर ने 2. 22 मीटर की कूद लगाई और तीसरे पायदान पर रहते हुए कांस्य पदक पर कब्जा किया। दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देश पर ऐन मौके पर टीम में शामिल किये गए 23 वर्ष के शंकर का सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2.27 और सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन 2. 29 मीटर है। इस ऊंचाई को वो बुधवार को नहीं छू सके।

स्क्वाश: (पुरुष एकल)
भारत के 35 वर्षीय सौरव घोषाल ने पुरुषों की एकल स्क्वाश स्पर्धा का कांस्य पदक अपने नाम किया। वो स्क्वाश में राष्ट्रमंडल खेलों में एकल पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने कांस्य पदक के मुकाबले में पिछले बार के विजेता जेम्स विल्सट्रॉप को सीधे सेटों में 3-0 के अंतर से मात दी। 

भरोत्तोलन:
भारोत्तोलक गुरदीप सिंह ने राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों के 109 प्लस किलोवर्ग में कांस्य पदक जीता। उन्होंने कुल 390 किग्रा वजन( स्नेच 167 किलो और क्लीन एंड जर्क 223 किली) उठाकर कांस्य पदक पर कब्जा किया। वहीं लवप्रीत सिंह ने पुरुषों के 109 किलोवर्ग में कुल 355 किलो भार उठाकर कांस्य पदक अपने नाम किया। 

तैराकी: 
भारतीय तैराक अद्वैत पागे और कुशाग्र रावत पुरुषों की 1500 मीटर फ्रीस्टादल स्पर्धा में क्रमश: सातवें और आठवें स्थान पर रहे।
पागे ने 15: 32.36 सेकेंड का समय निकाला जबकि रावत ने 15:42.67 सेकेंड का समय लिया। इसके साथ ही तैराकी में भारतीय चुनौती का भी अंत हो गया।

बॉक्सिंग: 
विश्व चैंपियन मुक्केबाज निकहत जरीन ने महिलाओं के 50 किग्रा भारवर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसके साथ ही उन्होंने भारत के लिए एक पदक 22वें राष्ट्रमंडल खेलों में पक्का कर दिया है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उन्होंने वेल्स की हेलेन जोन्स को मात दी। वहीं टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन को क्वारटर फाइनल में हारकर बाहर हो गईं। उन्हें वेल्स की रोसी एक्कल्स ने महिलाओं के 70 किग्रा भारवर्ग में के क्वार्टर फाइनल में पटखनी दी। निकहत जरीन के अलावा नीतू गंघास और हुसामुद्दीन मोहम्मद ने 2022 राष्ट्रमंडल खेलों की मुक्केबाजी स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के पदक पक्के कर दिये हैं।