लाइव टीवी

[Video] क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने दागा करियर का 700वां गोल, इन महान खिलाड़‍ियों के क्‍लब में हुए शामिल

Updated Oct 15, 2019 | 13:47 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने पुर्तगाल के लिए 72वें मिनट में पेनल्‍टी पर गोल दागा, लेकिन उस पर पानी फिर गया क्‍योंकि यूक्रेन के हाथों उसे 1-2 की शिकस्‍त झेलनी पड़ी। हालांकि, रोनाल्‍डो एक खास क्‍लब में शामिल हुए।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो
मुख्य बातें
  • रोनाल्‍डो ने यूक्रेन के खिलाफ अपने करियर का सातवां गोल किया
  • मेसी से 28 गोल आगे हैं क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो
  • पुर्तगाल को यूक्रेन के हाथों 1-2 की शिकस्‍त झेलनी पड़ी

पेचेरस्‍की: पुर्तगाल की गोल मशीन क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए करियर का 700वां गोल दागा और एक खास क्‍लब में जगह बनाई। रोनाल्‍डो ने पुर्तगाल की तरफ से मंगलवार को किव के काई ओलपिंक स्‍टेडियम में खेले गए यूएफा यूरो क्‍वालीफायर के मुकाबले में यूक्रेन के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की। भले ही रोनाल्‍डो ने इतिहास की किताबों में अपना नाम दर्ज कराया, लेकिन उनका 700वां गोल पुर्तगाल की हार नहीं टाल सका। गत यूरो चैंपियंस को यूक्रेन के हाथों 1-2 की करारी शिकस्‍त झेलनी पड़ी।

रोनाल्‍डो ने मैच के 72वें मिनट में पेनल्‍टी को गोल में तब्‍दील करके यह उपलब्धि हासिल की। हालांकि, उनके इस प्रयास पर पानी फिरा और अगले साल यूरोपियन चैंपियनशिप में यू्क्रेन ने अपना स्‍थान पक्‍का किया। वैसे, दिग्‍गज फुटबॉलर ने पुर्तगाल के लिए करियर का 95वां गोल किया और 2020 यूएफा यूरो के 6 क्‍वालीफाइंग मैचों में सातवां गोल दागा। बता दें कि यूएफा इस प्रतिष्ठित प्रतिस्‍पर्धा की 60वीं सालगिरह मना रहा है।

फुटबॉल के सर्वकालिक दिग्‍गज फुटबॉलरों में से एक माने जाने वाले रोनाल्‍डो ने अपने पूर्व क्‍लब रियल मैड्रिड के लिए 450 गोल किए। इससे पहले वह मैनचेस्‍टर यूनाइटेड का हिस्‍सा थे, जिसके लिए उन्‍होंने 118 गोल किए। रोनाल्‍डो ने स्‍पोर्टिंग के लिए सात गोल किए और 2004 में रेड डेविल्‍स से जुड़े। अब वह यूवेंटस का हिस्‍सा हैं, जिसके लिए वह 32 बार गेंद को जाली में भेद चुके हैं। 34 साल के रोनाल्‍डो दुनिया में सबसे ज्‍यादा गोल करने वालों की सूची में छठे स्‍थान पर पहुंच गए हैं। पुर्तगाल के कप्‍तान अब सिर्फ पांच गोल पीछे हैं। 

सबसे ज्‍यादा गोल करने वालों की लिस्‍ट में रोनाल्‍डो से आगे जोसेफ बिस्‍कन, पेले, रोमारियो, फेरेंक पुस्‍कास और गर्ड मुलर हैं। रोनाल्‍डो का अगला निशाना ईरान के अली दाई के 109 गोल के रिकॉर्ड को तोड़ने पर है। ईरान के महान फुटबॉलर अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर सबसे ज्‍यादा गोल दागने वाले खिलाड़ी हैं। वैसे, रोनाल्‍डो के चिर-प्रतिद्वंद्वी लियोनेल मेसी एकमात्र सक्रिय फुटबॉलर हैं, जो 700 गोल के क्‍लब में शामिल हो सकते हैं। मेसी ने अर्जेंटीना और बार्सिलोना की तरफ से खेलते हुए 672 गोल किए हैं। वह 700 करियर गोल के क्‍लब में शामिल होने से केवल 28 गोल दूर हैं।