लाइव टीवी

CWG 2022: कुश्ती में भारत का धमाल जारी, दूसरे दिन रवि दहिया, विनेश फोगाट और नवीन के स्वर्ण सहित जीते 6 पदक  

Updated Aug 07, 2022 | 07:04 IST

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में कुश्ती स्पर्धाओं के दूसरे दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण सहित कुल 6 पदक अपने नाम किए। 

Loading ...
विनेश फोगाट, रवि दहिया और नवीन
मुख्य बातें
  • भारत ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में कुश्ती की स्पर्धाओं में दूसरे दिन जीते 3 स्वर्ण और तीन कांस्य पदक
  • भारतीय पहलवानों ने दो दिन में जीते कुल 6 गोल्ड, 1 रजत और पांच कांस्य सहित कुल 12 पदक
  • कुश्ती में भारत के बाद दूसरे पायदान पर रहा कनाडा और तीसरे पर नाइजीरिया

बर्मिंघम: अतीत की नाकामियों को भुलाकर विनेश फोगाट ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण की हैट्रिक लगाई जबकि रवि दहिया और नवीन ने भी पीले तमगे अपने नाम करके कुश्ती में भारत के लिये लगातार दूसरा दिन यादगार बना दिया। भारत की झोली में पूजा गहलोत, पूजा सिहाग और दीपक नेहरा ने कांस्य पदक भी डाले।इसके साथ ही कुश्ती में भारत के पदकों की संख्या 12 रही जिसमें छह स्वर्ण शामिल हैं।

नाइजीरिया के पहलवान को दी तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर मात
दहिया ने पुरुषों के 57 किग्रा फाइनल में नाइजीरिया के एबिकेवेनिमो वेल्सन को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 10-0 से हराया। इससे पहले उन्होंने न्यूजीलैंड के सूरज सिंह और पाकिस्तान के असद अली को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराया था।
वहीं टोक्यो ओलंपिक की नाकामी, अतीत के मानसिक और शारीरिक संघर्षों को पीछे छोड़कर विनेश ने महिलाओं के 53 किग्रा वर्ग में चंद सेकंड में ही श्रीलंका की चामोडिया केशानी मदुरावलागे डॉन को चित करके 4-0 से जीत दर्ज की।

विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता कनाडा की सामंथा ली स्टीवर्ट के खिलाफ विनेश का पहला मुकाबला कठिन था लेकिन उसने महज 36 सेकंड में जीत दर्ज की थी। इसके बाद विनेश का सामना नाइजीरिया की मर्सी बोलाफुनोलुवा एडेकुरोये से हुआ जिसकी कठिन चुनौती का इस भारतीय पहलवान ने बखूबी सामना किया। महिलाओं के 53 किलोवर्ग में चार ही पहलवान थे। फॉर्म और फिटनेस के लिये जूझ रही विनेश टोक्यो ओलंपिक में पहले दौर से बाहर हो गई थी।

नवीन ने दी पाकिस्तानी पहलवान को पटखनी
भारत के लिये तीसरा स्वर्ण नवीन ने पुरुषों के 74 किलो वर्ग में पाकिस्तान के मुहम्मद शरीफ ताहिर को अंकों के आधार पर 9-0 से हराकर दिलाया। उन्होंने इससे पहले नाइजीरिया के ओग्बोना एमैन्युअल जॉन को तकनीकी श्रेष्ठता पर हराया। इसके बाद सिंगापुर के हांग यू लोउ और इंग्लैड के चार्ली जेम्स बोलिंग को मात दी।

पूजा करना पड़ा कांसे से संतोष 
महिलाओं के 50 किलो वर्ग में पूजा गहलोत ने स्कॉटलैंड की क्रिस्टेले एल को कांस्य पदक के मुकाबले में तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 12-2 से हराया। पहले मैच में इसी प्रतिद्वंद्वी को हराने के बाद कैमरन की रेबेका एंडोलो मुआम्बो पर वाकओवर मिला था। सेमीफाइनल में हालांकि वह कनाडा की मेडिसन बियांका पार्क्स से हार गई थीं।

दीपक नेहरा ने जीता कांस्य 
पुरुषों के 97 किलोवर्ग में दीपक नेहरा ने पाकिस्तान के तैयब रजा को अंकों के आधार पर 10-2 से हराकर कांस्य पदक जीता। वहीं महिलाओं के 76 किलो वर्ग में पूजा सिहाग ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर ऑस्ट्रेलिया की नाओमी डि ब्रूइन को 11-0 से मात देकर कांस्य अपने नाम किया।