लाइव टीवी

आठवीं बार सैफ चैंपियन बना भारत, छेत्री ने की मेसी के रिकॉर्ड की बराबरी 

Updated Oct 16, 2021 | 23:49 IST

भारत ने नेपाल को खिताबी मुकाबले में 3-0 से मात देकर आठवीं बार सैफ चैंपियनशिप के खिताब पर कब्जा कर लिया है। इसी मैच के दौरान सुनील छेत्री ने लियोनेल मेसी के अंतरराष्ट्रीय गोलों की बराबरी कर ली है।

Loading ...
सैफ चैंपियन भारतीय फुटबॉल टीम
मुख्य बातें
  • भारत ने खिताबी मुकाबले में नेपाल को दी 3-0 से मात
  • सुनील छेत्री ने सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल करने के मामले में की मेसी की बराबरी
  • आठवीं बार भारतीय टीम ने अपने नाम किया है ये खिताब

माले: भारतीय फुटबॉल टीम ने नेपाल को 3-0 से हराकर आठवीं बार सैफ चैम्पियनशिप खिताब जीत लिया जबकि कप्तान सुनील छेत्री ने 49वें मिनट में गोल करके लियोनेल मेसी के 80 अंतरराष्ट्रीय गोलों की बराबरी कर ली।

भारत के लिये दूसरे हाफ में छेत्री, सुरेश सिंह और सहल अब्दुल समद ने गोल किये। सुरेश ने 50वें और समद ने 90वें मिनट में गोल दागे। पहले हाफ में भारत ने गेंद पर नियंत्रण के मामले में बाजी मारी लेकिन गोल नहीं हो सका। छेत्री ने दूसरे हाफ के कुछ मिनटों के भीतर ही गोल करके भारत को बढ़त दिलाई। इसके एक मिनट बाद ही सुरेश ने भारत की बढ़त दोगुना कर दिया।

मुख्य कोच इगोर स्टिमक के साथ भारत का यह पहला खिताब है। वह जिरि पेसेक (1993) और स्टीफन कोंस्टेंटाइन (2015) के बाद तीसरे विदेशी कोच हो गए जिनके मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने यह खिताब जीता।

छेत्री ने दाहिने फ्लैंक से प्रीतम कोटाल से मिली गेंद पर गोल करके भारत को बढ़त दिलाई। इसके एक मिनट बाद भारतीयों ने फिर आक्रमण बोलकर नेपाल के डिफेंस को तहस नहस कर दिया। सुरेश ने यह गोल दागा। मनवीर सिंह भी 52वें मिनट में गोल करने के करीब पहुंचे लेकिन बायें पैर से उनका शॉट नेपाली गोलकीपर ने रोक दिया। भारत के लिये तीसरा गोल 90वें मिनट में समद ने किया।