लाइव टीवी

पूर्व भारतीय एथलीट इकबाल सिंह ने अमेरिका में की पत्नी और मां की हत्या 

Updated Aug 26, 2020 | 12:33 IST

भारत के पूर्व एथलीट इकबाल सिंह बोपाराय ने अमेरिका में अपनी पत्नी और मां की हत्या कर दी है। सबसे रोचक बात यह रही कि उन्होंने हत्या करने के बाद पुलिस को खुद ही घटना की जानकारी दी।

Loading ...
शॉर्टपुट( सांकेतिक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • शॉर्टपुट के खिलाड़ी थे इकबाल सिंह बोपाराय, 1983 में एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता था कांस्य पदक
  • उसके बाद चले गए थे अमेरिका, तब से वहीं रह रहे थे
  • पत्नी और मां की हत्या करने के बाद खुद ही पुलिस को फोन करके दी जानकारी

नई दिल्ली: पूर्व भारतीय एथलीट इकबाल सिंह बोपाराय को अमेरिका के पेनसिल्वेनिया के न्यूटाउन स्कवैर में पत्नी और मां की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अमेरिका की स्थानीय मिडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 63 वर्षीय इकबाल सिंह पर सोमवार को पत्नी और मां की हत्या का आरोप लगा। 

इकबाल सिंह मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर जिले के उरमर तांडा के रहने वाले हैं। उन्हें भारत के सर्वश्रेष्ठ गोलाफेंक खिलाड़ियों में से एक माना जाता है। उन्होंने साल 1983 में एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। इसके बाद वो अमेरिका चले गए। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक इकबाल सिंह ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। 911 नंबर पर फोन करके उसने पुलिस को पत्नी और मां की हत्या की जानकारी दी। इकबाल सिंह ने पुलिस को फोन करके बताया कि उसने अपनी पत्नी और मां की हत्या कर दी है और वो घर के अंदर हैं। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक इकबाल के घर पर वृद्ध महिला की  लाश पहली मंजिल के बेडरूम में और दूसरी की लाश दूसरी मंजिल के बेडरूम में मिली है। पुलिस के मुताबिक दोनों की चाकू या किसी नुकीले हथियार से हत्या की गई है। दोनों महिलाओं के गले पर काटे जाने के निशान हैं। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू घर के किचन के प्लेटफॉर्म से बरामद कर लिया है। 

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि इकबाल सिंह ने पुलिस को फोन करने से पहले अपने बेटे को फोन करके इस घटना के बारे में बताया था। बेटे से इकबाल ने कहा, मैंने तुम्हारी मां और दादी की हत्या कर दी है पुलिस को फोन करके मुझे गिरफ्तार करने को कह दो।'

हत्या किस वजह से की गई इस बारे में अभी जानकारी उपलब्ध नहीं है।