लाइव टीवी

नहीं रहे अर्जुन पुरस्कार विजेता टेबल टेनिस खिलाड़ी वी चंद्रशेखर, तीन बार बने थे राष्ट्रीय चैंपियन

Updated May 12, 2021 | 17:22 IST

TT player V Chandrasekhar dies: जाने-माने अर्जुन पुरस्कार विजेता टेबल टेनिस खिलाड़ी वी चंद्रशेखर ने दुनिया को अलविदा कह दिया। वह तीन बार के राष्ट्रीय चैंपियन थे।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
वी चंद्रशेखर

चेन्नई: भारत के पूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी और अर्जुन पुरस्कार विजेता वी चंद्रशेखर का कोविड—19 से जुड़ी जटिलताओं के कारण बुधवार को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। वह 64 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी और पुत्र हैं।

चंद्रा नाम से मशहूर चंद्रशेखर तीन बार के राष्ट्रीय चैंपियन थे। चेन्नई में जन्मा यह खिलाड़ी 1982 में राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में पहुंचा था। वह सफल कोच भी रहे थे। चंद्रशेखर का करियर 1984 में घुटने के असफल आपरेशन के कारण आगे नहीं बढ़ पाया था। 

इस कारण उनका चलना फिरना बंद हो गया, उनकी आवाज और दृष्टि चली गयी थी। उन्होंने हालांकि हार नहीं मानी और बाद में कोच बने। उन्होंने अस्पताल के खिलाफ कानूनी लड़ाई में जीत हासिल की थी। जिन खिलाड़ियों को उन्होंने कोचिंग दी उनमें वर्तमान भारतीय खिलाड़ी जी साथियान भी शामिल हैं।

पूर्व हॉकी अंपायर रविंदर सोढी भी नहीं रहे

वी चंद्रशेखर के अलावा बुधवार को खेल जगत से एक और दुखद खबर सामने आई। पूर्व हॉकी अंपायर और तकनीकी अधिकारी रविंदर सिंह सोढी का कोरोना वायरस संक्रमण से जुड़ी जटिलताओं के कारण निधन हो गया। वह 66 बरस के थे। हॉकी इंडिया ने विज्ञप्ति में कहा, ‘कोविड से जुड़ी जटिलताओं के कारण उनका नयी दिल्ली में बुधवार 12 मई 2021 को निधन हो गया।'

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगोमबम ने सोढी के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा, ‘‘हॉकी इंडिया में हम रविंदर के निधन की खबर सुनकर बेहद दुखी हैं।’ निंगोमबम ने कहा, ‘उनके निधन की खबर ने हॉकी जगत को स्तब्ध कर दिया है। इस दुख के समय में हम उनके परिवार के प्रति संवेदना जाहिर करते हैं।’ सोढी ने कई शीर्ष घरेलू हॉकी प्रतियोगिताओं में अधिकारी की भूमिका निभाई। वह लखनऊ में 1988 इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हॉकी गोल्ड कप में भी अधिकारी थे।