लाइव टीवी

Commonwealth Games 2022: भारतीय हॉकी टीम ने जीती हुई बाजी गंवाई, इंग्‍लैंड ने दमदार वापसी करके मुकाबला कराया ड्रॉ

Updated Aug 02, 2022 | 01:04 IST

India play draw against England: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने आखिरी लम्‍हों में अपनी बढ़त गंवाई, जिसका खामियाजा उन्‍हें भुगतना पड़ा। 1-4 से पिछड़ रही इंग्‍लैंड की टीम ने जोरदार वापसी करके मुकाबला 4-4 से बराबर कर दिया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
भारतीय हॉकी टीम
मुख्य बातें
  • भारत और इंग्‍लैंड के बीच मुकाबला 4-4 से ड्रॉ रहा
  • भारतीय टीम ने 3-0 की बढ़त बनाने के बाद खोई अपनी लय
  • भारतीय टीम का अगला मुकाबला कनाडा से होगा

बर्मिंघम: भारतीय पुरुष हॉकी टीम को आखिरी मिनटों में अपनी गलती का खामियाजा भुगतना पड़ा और सोमवार को कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स 2022 में उसे इंग्‍लैंड के खिलाफ 4-4 ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। भारतीय टीम ने मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक समय 3-0 की बढ़त बना रखी थी। पहला हाफ भारतीय टीम के नाम रहा, लेकिन दूसरे हाफ में उससे कई चूक हुई, जिसका फायदा इंग्‍लैंड ने उठाकर स्‍कोर बराबर कर दिया। याद दिला दें कि भारत ने अपने पहले मैच में घाना को 11-0 के विशाल अंतर से हराया था।

मनप्रीत सिंह के नेतृत्‍व वाली भारतीय हॉकी टीम ने सोमवार को इंग्‍लैंड के खिलाफ शानदार शुरूआत की और पहले दो क्‍वार्टर में अपना दबदबा बनाए रखा। हाफटाइम तक भारत के पास 3-0 की बढत थी। आखिरी दो क्वार्टर में इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की। भारतीय खिलाड़ियों को मिले कार्ड का भी इंग्लैंड को फायदा हुआ। वरूण कुमार पहले हाफ में पांच मिनट और दूसरे हाफ में दस मिनट बाहर रहे जबकि गुरजंत सिंह को आखिरी क्वार्टर में खतरनाक खेल के लिये दस मिनट का निलंबन झेलना पड़ा।

बहरहाल, मैच में भारत के लिए ललित उपाध्याय (तीसरा मिनट), मनदीप सिंह (13वां और 22वां) और हरमनप्रीत सिंह (46वां) ने गोल दागे। वहीं इंग्लैंड के लिये लियाम अंसेल (42वां), निक बेंडुराक (47वां और 53वां) और फिर रोपेर (50वां) ने गोल किए। कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स के इतिहास में भारत और इंग्लैंड का सामना चार बार हुआ है और दोनों ने दो-दो मैच जीते। आखिरी बार गोल्ड कोस्ट में इंग्लैंड ने भारत को 2-1 से हराकर कांस्य पदक जीता था। भारत ने टोक्यो ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड को हराया था।

भारत ने काफी आक्रामक शुरूआत की और तीसरे ही मिनट में हरमनप्रीत का पेनल्टी कॉर्नर पर शॉट चूकने के बाद ललित ने रिबाउंड पर गोल कर दिया। पहले क्वार्टर में तीन मिनट बाकी रहते नीलाकांत शर्मा ने मनदीप को पास दिया, जिसने रिवर्स हिट पर गोल दागा। मनदीप ने 22वें मिनट में एक और गोल करके भारत की बढ़त तिगुनी कर दी।

तीसरे क्वार्टर में इंग्लैंड ने मैच में वापसी की जबकि भारत ने रक्षात्मक खेल दिखाया। इंग्लैंड के लिए पहला गोल लियाम अंसेल ने 42वें मिनट में किया। चार मिनट बाद हरमनप्रीत ने भारत को मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। इंग्लैंड के लिये निक बेंडुराक ने 47वें मिनट में दूसरा गोल दागा। रोपेर ने 50वें मिनट में बेहतरीन फील्ड गोल करके स्कोर 4-3 कर दिया। 9 मिनट बाकी रहते गुरजंत को दस मिनट का निलंबन मिलना भारत पर भारी पड़ा। बेंडुराक ने बराबरी का गोल दागकर भारतीय खेमे को स्तब्ध कर दिया। भारत को अब बुधवार को कनाडा से खेलना है।