लाइव टीवी

Tokyo Olympics: भारतीय महिला हॉकी टीम की उम्‍मीदें बरकरार, आयरलैंड को रोमांचक मैच में दी मात

Updated Jul 30, 2021 | 11:40 IST

Indian women hockey team: भारतीय महिला हॉकी टीम ने लगातार तीन शिकस्‍त झेलने के बाद आखिरकार जीत का स्‍वाद चखा। भारतीय टीम की जीत में नवनीत कौर चमकी, जिन्‍होंने मैच का सबसे अहम गोल दागा।

Loading ...
भारतीय महिला हॉकी टीम
मुख्य बातें
  • भारतीय महिला हॉकी टीम ने आयरलैंड को रोमांचक मैच में हराया
  • भारतीय महिला हॉकी टीम ने क्‍वार्टर फाइनल में पहुंचने की उम्‍मीदें जिंदा रखी
  • भारतीय महिला हॉकी टीम की जीत में चमकी नवनीत कौर

टोक्‍यो: टोक्यो ओलंपिक में भारत की महिला हॉकी टीम को लगातार तीन हार के बाद पहली जीत नसीब हुई है। उसने शुक्रवार को अपने चौथे ग्रुप मैच में आयरलैंड को 1-0 से हरा दिया है। ओई हॉकी स्टेडियम नॉर्थ पिच पर खेले गए इस मुकाबले में मैच का एकमात्र गोल 57वें मिनट में नवनीत कौर ने किया। यह एक फील्ड गोल था, जिसने भारत को तीन हार के बाद टोक्यों में खुशी मनाने का मौका दिया।

वैसे यह मैच भारतीय अग्रिम पंक्ति खासकर पेनल्टी कॉर्नर विशेषज्ञों के लिए बेहद निराशाजनक रहा क्योंकि 14 पेनल्टी कॉर्नर मिलने के बावजूद भारत उसे एक भी गोल में कन्वर्ट नहीं कर सका। आयरिश टीम को बदले में तीन पीसी मिले लेकिन वह भी गोल नहीं कर सकी। अब भारत को अपना अंतिम ग्रुप मैच दक्षिण अफ्रीका से खेलना है। भारतीय महिला हॉकी टीम ने आयरलैंड को 1-0 से हराकर टोक्यो ओलंपिक क्वार्टर फाइनल में प्रवेश की उम्मीदें बरकरार रखीं। 

भारत को तीन मैचों में भारत को दुनिया की नंबर एक टीम नीदरलैंड ने 5-1 से, जर्मनी ने 2-0 और गत चैम्पियन ब्रिटेन ने 4-1 से हराया। भारत को शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच जीतने के साथ गोल औसत भी बेहतर रखना होगा। इसके साथ ही उन्हें दुआ करनी होगी कि शनिवार को ब्रिटेन की टीम आयरलैंड को हरा दे।

भारत के ग्रुप-ए में चार मैचों से तीन अंक हैं और वह अपने ग्रुप में शामिल छह टीमें के बीच पांचवें स्थान पर है। दूसरी ओर, भारत की पुरुष टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी है और आज ही वह जापान के साथ अपना अंतिम ग्रुप मैच खेलेगी।