लाइव टीवी

Asian Champions Trophy: गुरजीत कौर ने दागे पांच गोल, भारत ने थाईलैंड को एकतरफा मैच में 13-0 से रौंदा

Updated Dec 05, 2021 | 16:15 IST

India beat Thailand by 13-0: भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में अपने अभियान की शानदार शुरूआत की। गुरजीत कौर के शानदार प्रदर्शन की बदौल भारत ने थाईलैंड को 13-0 के विशाल अंतर से मात दी।

Loading ...
गुरजीत कौर
मुख्य बातें
  • भारत ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में थाईलैंड को 13-0 से हराया
  • ड्रैग फ्लिकर गुरजीत कौर ने मैच में पांच गोल दागे
  • भारत ने मध्‍यांतर तक 9-0 का अंतर बनाए रखा था

डोंगहे (दक्षिण कोरिया): ड्रैग फ्लिकर गुरजीत कौर के पांच गोल की मदद से भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को यहां एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी के अपने पहले मैच में थाईलैंड को 13-0 से करारी शिकस्त दी। गुरजीत ने मैच के दूसरे मिनट में ही पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदला जबकि वंदना कटारिया ने पांच मिनट बाद दूसरा गोल दाग दिया।

पहला क्वार्टर समाप्त होने तक लिलिमा मिंज ने 14वें मिनट में भारत के लिये तीसरा गोल कर दिया जबकि गुरजीत और ज्योति ने 14वें और 15वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके स्कोर 5-0 कर दिया। भारत ने दूसरे क्वार्टर में भी दबदबा बनाये रखा। अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पदार्पण कर रही राजविंदर कौर ने 16वें मिनट में मैदानी गोल किया तो गुरजीत ने 24वें मिनट में अपना तीसरा गोल दागा। इसके तुरंत बाद लिलिमा ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला।

गुरजीत ने 25वें मिनट में एक और गोल किया, जिससे भारत मध्यांतर तक 9-0 से आगे था। भारत ने आगे भी थाइलैंड को कोई मौका नहीं दिया और लगातार हमले किये। ज्योति ने 36वें मिनट में गोल करके भारत के गोल की संख्या में दोहरे अंकों में पहुंचायी जबकि सोनिका ने 43वें मिनट में मैच का अपना पहला गोल किया।

चौथे क्वार्टर में भी कहानी नहीं बदली और भारत ने आक्रमण जारी रखा। थाईलैंड ने हालांकि इस बीच कुछ अच्छे बचाव किये। मोनिका ने 55वें मिनट में गोल किया जबकि इसके तीन मिनट बाद गुरजीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर अपना पांचवां और भारत के लिये 13वां गोल किया।

टोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने के बाद भारतीय टीम का यह पहला मैच था। कप्तान रानी को टूर्नामेंट से विश्राम दिया गया है और उनकी अनुपस्थिति में गोलकीपर सविता ने टीम की अगुवाई की।