लाइव टीवी

भारतीय हॉकी टीम के फॉरवर्ड मनदीप सिंह भी कोविड-19 पॉजीटिव, 20 अगस्‍त से शुरू होना है नेशनल कैंप

Updated Aug 10, 2020 | 11:18 IST

Mandeep Singh Covid-19 positive: मनदीप सिंह खतरनाक संक्रमण की चपेट में आने वाले भारतीय पुरुष हॉकी टीम के छठे सदस्‍य हैं। भारतीय हॉकी टीम का 20 अगस्‍त से बेंगलुरु के साई केंद्र में नेशनल कैंप शुरू होना है।

Loading ...
मनदीप सिंह
मुख्य बातें
  • मनदीप सिंह कोविड-19 टेस्‍ट में पॉजीटिव पाए जाने वाले छठें भारतीय खिलाड़ी
  • मनदीप और अन्‍य पांच खिलाड़‍ियों का बेंगलुरु के साई केंद्र में इलाज चल रहा है
  • भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम का नेशनल कैंप 20 अगस्‍त से शुरू होना है

नई दिल्ली: भारतीय हॉकी टीम के फॉरवर्ड मनदीप सिंह कोविड-19 टेस्‍ट में पॉजिटिव पाए गए हैं। वह इस घातक बीमारी से संक्रमित होने वाले छठे राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी हैं। भारतीय खेल प्राधिरकण (साई) ने सोमवार को यह जानकारी दी। जालंधर के 25 साल के मनदीप में इस बीमारी के लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हैं और बेंगलुरु में पांच अन्य खिलाड़ियों के साथ डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। बेंगलुरु के साई केंद्र में 20 अगस्त से राष्ट्रीय शिविर शुरू होना है।

साई ने बयान में कहा, 'भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य मनदीप सिंह का बेंगलुरु में साई के नेशनल सेंटर आफ एक्सीलेंस में राष्ट्रीय शिविर से पहले 20 अन्य खिलाड़ियों के साथ कोविड परीक्षण (आरटी पीसीआर) किया गया और यह पॉजिटिव आया है। लेकिन उसमें लक्षण नहीं दिख रहे हैं।'

भारतीय कप्तान मनप्रीत सिंह और चार अन्य खिलाड़ी एक महीने के ब्रेक के बाद साई केंद्र लौटने पर पिछले हफ्ते कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए थे। डिफेंडर सुरेंदर कुमार, जसकरन सिंह, ड्रैगफ्लिकर वरूण कुमार और गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक अन्य चार खिलाड़ी हैं, जो पॉजिटिव पाए गए हैं।

साई के डॉक्टरों के अनुसार सभी खिलाड़ियों में मामूली लक्षण दिखाई दे रहे हैं और वे ठीक हैं। इन्हें बेंगलुरू के नेशनल सेंटर आफ एक्सीलेंस में रखा गया है। इससे पहले खिलाड़ी कोरोना वायरस के चलते राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के कारण केंद्र में दो महीने से अधिक समय तक फंसे रहे। ब्रेक से वापस लौटने पर खिलाड़ियों को केंद्र पर ट्रेनिंग दोबारा शुरू करने से पहले अनिवार्य पृथकवास से गुजरना था। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 22 लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं जबकि 45 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।