लाइव टीवी

आईओए ने जताई नाराजगी, कहा- शूटिंग, कुश्ती, आर्चरी को 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स से हटाना भारत के साथ अन्याय

Updated Apr 14, 2022 | 22:32 IST

IOA upset with decision of removing Wrestling and Shooting from CWG 2026: भारतीय ओलंपिक संघ ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 से कुश्ती, निशानेबाजी और तीरंदाजी हटाने पर नाराजगी जाहिर की है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
IOA
मुख्य बातें
  • भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने जताई अपनी नाराजगी
  • कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 से तीन खेलों को हटाने से निराश है आईओए
  • कुश्ती, तीरंदाजी और शूटिंग को हटाया गया है

भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 के प्रारंभिक कार्यक्रम से निशानेबाजी , कुश्ती और तीरंदाजी को हटाने के फैसले को भारत के साथ ‘घोर अन्याय’ करार देते हुए कहा कि खेल मंत्रालय से मशविरे के बाद इसका विरोध किया जायेगा।

आईओए महासचिव राजीव मेहता ने कहा कि एक या दो दिन में इस फैसले के विरोध में राष्ट्रमंडल खेल महासंघ को पत्र लिखा जायेगा। उन्होंने कहा, ‘‘यह भारत के साथ घोर अन्याय है कि निशानेबाजी, कुश्ती और तीरंदाजी को बाहर कर दिया गया । राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी और कुश्ती हमारे प्रमुख खेल हैं । हम इस फैसले का विरोध करेंगे और एक या दो दिन में सीजीएफ को पत्र लिखेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आईओए अध्यक्ष और खेल मंत्रालय से चर्चा करके भावी कार्रवाई पर फैसला लिया जायेगा।’’ भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी में अब तक 135 (63 स्वर्ण, 44 रजत और 28 कांस्य) पदक जीते हैं। कुश्ती में इन खेलों में भारत ने 102 (43 स्वर्ण, 37 रजत और 22 कांस्य पदक) पदक अपने नाम किये हैं।